ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CM साय से जापानी प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात:निवेश, तकनीकी सहयोग और औद्योगिक विस्तार पर चर्चा

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से शनिवार को राजधानी रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय में जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं, औद्योगिक विकास और तकनीकी सहयोग के विभिन्न आयामों पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री साय ने प्रतिनिधिमंडल का आत्मीय स्वागत करते हुए कहा कि राज्य सरकार की उद्योगोन्मुखी और निवेश प्रोत्साहनकारी नीतियों के कारण छत्तीसगढ़ वैश्विक निवेशकों के लिए आकर्षक गंतव्य बनता जा रहा है। उन्होंने अपने जापान प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां की उन्नत तकनीक और विशेषज्ञता का लाभ छत्तीसगढ़ के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जापान तकनीकी दृष्टि से अग्रणी देश है। यदि जापानी कंपनियां छत्तीसगढ़ में निवेश बढ़ाती हैं तो इससे प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे और औद्योगिक विकास को नई गति मिलेगी।

जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने छत्तीसगढ़ सरकार की नई औद्योगिक नीति की सराहना की। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि राज्य में निवेश के लिए अनुकूल, पारदर्शी और उद्योग हितैषी माहौल तैयार हुआ है, जिससे उद्योगों के विस्तार की बेहतर संभावनाएं हैं। साथ ही उन्होंने प्रदेश में अपने निवेश को और बढ़ाने की इच्छा भी जताई।

बैठक में विधायक अनुज शर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव पी. दयानंद, एफएसएनएल के डायरेक्टर युकीहिरो मोमोसे, कोनोइके ट्रांसपोर्ट के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर तोशीहीरो फूजीवारा, एफएसएनएल के मैनेजिंग डायरेक्टर सुनील कुमार दीक्षित और हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड के पूर्व सीएमडी के.डी. दीवान मौजूद रहे। इस मुलाकात को छत्तीसगढ़ में विदेशी निवेश और तकनीकी सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button