StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

जशपुर में 3.52 करोड़ से बना इंडोर स्टेडियम, बास्केटबॉल समेत 4 खेलों की मिलेगी सुविधा

ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्र के खिलाड़ियों को मिलेगा अभ्यास का मौका, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की कर सकेंगे तैयारी

रायपुर। जशपुर में खेल सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का बेहतर अवसर मिलेगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिले में 3 करोड़ 52 लाख रुपए की लागत से मल्टीपरपज इंडोर बास्केटबॉल स्टेडियम बनाया गया है।

यहां बास्केटबॉल के साथ शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस के अभ्यास की सुविधा भी मिलेगी। इससे जिले के खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए आधुनिक खेल परिसर उपलब्ध होगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 28 मार्च 2026 को जशपुर प्रवास के दौरान इस स्टेडियम का शुभारंभ किया था। इनडोर सुविधा होने से खिलाड़ियों को मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अभ्यास जारी रखने में मदद मिलेगी। खासकर ग्रामीण और दूरस्थ जनजातीय क्षेत्रों के युवाओं को अपनी खेल प्रतिभा विकसित करने का अवसर मिलेगा।

एक परिसर में चार खेलों की सुविधा

मल्टीपरपज इंडोर स्टेडियम में अलग-अलग खेलों में रुचि रखने वाले बच्चों और युवाओं को अभ्यास का अवसर मिलेगा। बास्केटबॉल से शारीरिक क्षमता, गति और टीम भावना विकसित होगी, जबकि शतरंज, कैरम और टेबल टेनिस से एकाग्रता, रणनीतिक सोच और मानसिक दक्षता को बढ़ावा मिलेगा।

जशपुर जिले में युवाओं की विभिन्न खेलों में रुचि को देखते हुए यह सुविधा महत्वपूर्ण मानी जा रही है। नियमित अभ्यास और बेहतर प्रशिक्षण से खिलाड़ियों को जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयार होने में मदद मिलेगी।

खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने पर जोर

प्रदेश में खेल अधोसंरचना के विस्तार के तहत जशपुर का यह स्टेडियम स्थानीय प्रतिभाओं को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

आधुनिक सुविधाओं से युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने और नियमित अभ्यास की संस्कृति विकसित करने में मदद मिलेगी। इससे जिले के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और भविष्य में प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने के अवसर मिल सकेंगे।

Related Articles

Back to top button