ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

चक्रवात अर्नब का असर: रायपुर-गरियाबंद-रायगढ़ में बारिश, 5 जिलों में रेड अलर्ट

60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं हवाएं; बस्तर, सुकमा समेत कई जिलों में स्कूल बंद, प्रशासन अलर्ट

रायपुर। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवाती तूफान अर्नब का असर छत्तीसगढ़ में दिखने लगा है। रायपुर, रायगढ़ और गरियाबंद में बारिश हो रही है। कई इलाकों में ठंडी हवाएं चलने से मौसम बदल गया है।

मौसम विभाग ने कोंडागांव, बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में रेड अलर्ट जारी किया है। दक्षिण छत्तीसगढ़ में भारी बारिश के साथ 60 से 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका है। कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 90 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

मौसम को देखते हुए जगदलपुर समेत बस्तर और सुकमा जिले में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। गरियाबंद और दुर्ग में भी स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है। प्रशासन ने लोगों को सतर्क रहने और बेवजह घर से बाहर नहीं निकलने की सलाह दी है।

सुकमा में राहत शिविर बनाए, पुलिस-प्रशासन अलर्ट

सुकमा में मंगलवार रात से बारिश हो रही है। बुधवार सुबह भी आसमान में बादल छाए रहे। खराब मौसम की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने कच्चे मकानों और अंदरूनी इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा के लिए सरकारी भवनों में राहत शिविर बनाए हैं।

सुकमा के कन्या शाला परिसर में वार्ड-12 के नया पारा सुंदर नगर के करीब 50 लोगों को ठहराया गया है। पुलिस और प्रशासन की टीमें हालात पर नजर रख रही हैं।

29 अक्टूबर को भी भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात का असर 29 अक्टूबर को भी जारी रह सकता है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मंगलवार से ही प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए हुए हैं।

बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। प्रशासन ने लोगों से बिजली के खंभों, पेड़ों और कमजोर निर्माणों से दूर रहने तथा खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।

Related Articles

Back to top button