ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राजशाही दशहरा: बिलाईगढ़ में 3 करोड़ से बनेगा गौरव पथ, खुलेगा अपर कलेक्टर कार्यालय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि विजयादशमी सत्य और धर्म की विजय का पर्व है। यह हमें अपने भीतर की बुराइयों पर विजय पाकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री बुधवार को सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के बिलाईगढ़ स्थित रैनीभाठा में ऐतिहासिक राजशाही दशहरा उत्सव में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए पांच महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने बिलाईगढ़ में अपर कलेक्टर कार्यालय खोलने, बस स्टैंड से हायर सेकेंडरी स्कूल तक 3 करोड़ रुपए की लागत से गौरव पथ बनाने, राजमहल मार्ग पर पुल निर्माण, वार्ड क्रमांक 15 में मुक्तिधाम और मां समलाई मंदिर के पास डोम शेड बनाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों से नागरिक सुविधाएं बढ़ेंगी और लोगों को प्रशासनिक कामों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।

साय ने कहा कि बिलाईगढ़ का राजशाही दशहरा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक एकता का प्रतीक है। भगवान श्रीराम और छत्तीसगढ़ के संबंधों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश माता कौशल्या की जन्मभूमि और प्रभु श्रीराम का ननिहाल है। वनवास के दौरान श्रीराम ने दंडकारण्य क्षेत्र में लंबा समय बिताया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश विकास और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार गांव, गरीब, किसान, युवा और मातृशक्ति के कल्याण को प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान उपलब्ध कराने के लिए तेजी से काम हो रहा है।

बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलताओं का जिक्र करते हुए साय ने कहा कि अब वहां भय की जगह विश्वास और हिंसा की जगह शांति स्थापित हो रही है। इससे सड़क, रेल, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के साथ रोजगार के नए अवसर खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार विरासत और विकास को साथ लेकर चल रही है। मुख्यमंत्री ने लोगों से श्रीराम के आदर्श अपनाने और प्रदेश की प्रगति में भागीदारी निभाने की अपील की।

Related Articles

Back to top button