ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को आएंगी जगदलपुर, मुरिया दरबार में होंगी शामिल

लालबाग मैदान में आमसभा को करेंगी संबोधित, वन मंत्री केदार कश्यप ने तैयारियों का लिया जायजा

रायपुर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 23 अक्टूबर को एक दिवसीय प्रवास पर जगदलपुर आएंगी। इस दौरान वे बस्तर दशहरा की ऐतिहासिक परंपरा से जुड़े मुरिया दरबार में शामिल होंगी। साथ ही लालबाग मैदान में आयोजित आमसभा को संबोधित करेंगी। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर जगदलपुर में तैयारियां अंतिम चरण में हैं। प्रशासन कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात और आम नागरिकों की सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाएं पूरी करने में जुटा है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु सिरहासार भवन में आयोजित मुरिया दरबार में शामिल होकर बस्तर की सांस्कृतिक परंपरा से जुड़ेंगी। मुरिया दरबार बस्तर दशहरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जहां क्षेत्र की परंपराओं और जनभागीदारी की झलक देखने को मिलती है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शहर में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।

वन मंत्री केदार कश्यप ने बुधवार को लालबाग मैदान पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने मंच, बैठक व्यवस्था और विशिष्ट अतिथियों के लिए निर्धारित दीर्घा का जायजा लिया। इसके साथ ही सुरक्षा प्रबंध, यातायात व्यवस्था और आम नागरिकों की सुविधाओं की समीक्षा की। मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

निरीक्षण के दौरान जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव, महापौर संजय पाण्डे, कमिश्नर डोमन सिंह, पुलिस महानिरीक्षक बीएन मीणा, कलेक्टर आकाश छिकारा और पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहा है।

Related Articles

Back to top button