ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

CM ने हज यात्रियों को सौंपी फर्स्टएड किट: 815 यात्री जाएंगे हज पर, सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शनिवार को राजधानी रायपुर के मेडिकल कॉलेज स्थित अटल बिहारी वाजपेयी सभागार में आयोजित कार्यक्रम में हज यात्रियों को फर्स्टएड किट सौंपकर उनकी सुखद और सुरक्षित यात्रा की कामना की। यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी द्वारा आयोजित किया गया था।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उनके लिए सौभाग्य की बात है कि रायगढ़ से सांसद रहने के समय से लेकर आज तक उन्हें लगातार हज यात्रियों के स्वागत का अवसर मिल रहा है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश से कुल 815 हज यात्री यात्रा पर जा रहे हैं। पहली बार स्वास्थ्य विभाग द्वारा यात्रियों को विशेष प्रशिक्षण दिया गया है और मेडिकल किट भी उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने यात्रियों से देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि के लिए दुआ करने का आग्रह किया और यात्रा की सफलता की कामना की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

कार्यक्रम में सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के हज यात्रियों को यह पावन अवसर मिलना खुशी की बात है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे अपनी यात्रा सफलतापूर्वक पूर्ण कर प्रदेश और देश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करें। उन्होंने कहा कि अब हज यात्रा के लिए लंबी प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ती और अधिक लोगों को यह अवसर मिल रहा है, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से संभव हुआ है।

छत्तीसगढ़ राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष मिर्जा एजाज बेग ने भी हज यात्रा से जुड़ी जानकारी साझा की। कार्यक्रम में अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत छाबड़ा, दिव्यांगजन वित्त एवं विकास निगम के अध्यक्ष लोकेश कांवड़िया, वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज, हज कमेटी की सीईओ डॉ. खुशबू उस्मान समेत बड़ी संख्या में हज यात्री और समाज के प्रबुद्धजन मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button