छत्तीसगढ़ में 13 लाख से ज्यादा परिवारों को मिला पक्का मकान, 3.65 लाख नए आवासों का लक्ष्य

ग्रामीण क्षेत्र में 11.78 लाख और शहरी क्षेत्र में 2.22 लाख आवास पूरे, पीएम आवास योजना से बदल रही लोगों की जिंदगी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पक्के मकानों का निर्माण किया जा रहा है।
योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में अब तक 11 लाख 78 हजार और शहरी क्षेत्रों में 2 लाख 22 हजार आवास पूरे हो चुके हैं। वहीं, ग्रामीण क्षेत्रों में आवास प्लस 2.0 सर्वे के तहत केंद्र सरकार ने राज्य को करीब 3.65 लाख नए आवासों का लक्ष्य दिया है।
राज्य सरकार के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन देने का माध्यम बन रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में योजना के क्रियान्वयन पर जोर दिया जा रहा है। सरकार गठन के बाद पहली कैबिनेट में 18 लाख 12 हजार जरूरतमंद परिवारों को आवास देने का निर्णय लिया गया था। अब तक ग्रामीण क्षेत्रों में 26 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं।
ग्रामीण क्षेत्रों में कच्चे और जर्जर मकानों में रहने वाले परिवारों को पक्का घर मिलने से बारिश, गर्मी और ठंड से बचाव के साथ सुरक्षा भी मिल रही है। आत्मसमर्पित नक्सलियों और नक्सल पीड़ितों के लिए विशेष परियोजना के तहत 15 हजार आवासों की स्वीकृति केंद्र से मिली है। वहीं, मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत 47 हजार आवासों में से 24 हजार पूरे हो चुके हैं।
शहरी क्षेत्रों में भी तेजी से निर्माण
प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी के तहत राज्य में 2 लाख 43 हजार आवास स्वीकृत किए गए हैं, जिनमें से 2 लाख 22 हजार पूरे हो चुके हैं। इनमें बीएलसी घटक के 1,93,175 और एएचपी घटक के 29,267 आवास शामिल हैं।
योजना के दूसरे चरण में शहरी क्षेत्रों के लिए 1.32 लाख आवास निर्माण का लक्ष्य रखा गया है। पीएम आवास योजना शहरी 2.0 के तहत 71,416 आवास स्वीकृत हुए हैं। इनमें 4,129 आवास पूरे और 25,165 निर्माणाधीन हैं। आवास निर्माण के साथ बिजली, पानी, शौचालय और रसोई गैस जैसी सुविधाएं मिलने से परिवारों के जीवन स्तर में सुधार हो रहा है।





