StateNewsदेश - विदेश

अमृतसर में भाई ने बहन का पैर तोड़ा, घर नहीं आने से था नाराज; वारदात CCTV में कैद

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

यहां एक युवक ने अपनी सगी बहन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया।

आरोप है कि उसने महज 15 सेकेंड में बहन पर 12 बार रॉड से वार किए, जिससे उसकी एक टांग दो जगह से फ्रैक्चर हो गई।

पूरी घटना घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। पुलिस ने फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, घटना 1 अगस्त की शाम न्यू मॉडल टाउन, खंडवाला, छेहरटा इलाके की है। पीड़िता नवदीप कौर मुंबई से अमृतसर अपने बड़े भाई से मिलने आई थीं।

आरोप है कि छोटा भाई इस बात से नाराज था कि बहन उसके घर न जाकर बड़े भाई के घर ठहरी और वहीं से वापस मुंबई लौटने लगी।

जैसे ही वह घर से बाहर निकली, आरोपी कार से पहुंचा और हाथ में लोहे की रॉड लेकर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

सीसीटीवी फुटेज में आरोपी लगातार बहन पर हमला करता दिखाई देता है।

पीड़िता खुद को बचाने की कोशिश करती रही, जबकि मौके पर मौजूद पिता वीडियो में आरोपी को रोकते नजर नहीं आए।

कुछ देर बाद बड़े भाई की पत्नी बाहर आई, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

पीड़िता के बड़े भाई मनदीप सिंह ने आरोप लगाया कि विवाद की असली वजह पैतृक संपत्ति है।

उनका कहना है कि छोटा भाई पूरी संपत्ति अपने नाम करवाना चाहता है और पहले भी कई बार मारपीट व जानलेवा हमले की कोशिश कर चुका है।

उन्होंने बताया कि हमले में बहन के दोनों पैरों और हाथों में गंभीर चोटें आई हैं तथा उसका अस्पताल में ऑपरेशन किया गया।

मामले की शिकायत पुलिस को दे दी गई है। छेहरटा थाना पुलिस का कहना है कि पीड़िता की हालत में सुधार होने पर उसका बयान दर्ज किया जाएगा।

इसके बाद उपलब्ध साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button