ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रक्षाबंधन पर 50 बहनों को मिली ई-रिक्शा की सौगात, CM साय ने लॉन्च की ‘जशपुर एक्सप्रेस’

जशपुर। रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बगिया कैम्प कार्यालय में महिला सशक्तिकरण की दिशा में ‘जशपुर एक्सप्रेस’ योजना की शुरुआत की। इसके तहत जशपुर जिले की 50 महिलाओं को ई-रिक्शा प्रदान किए गए। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को नियमित आय और सम्मानजनक स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

कार्यक्रम में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने मुख्यमंत्री की कलाई पर राखी बांधी और उनके स्वस्थ व दीर्घायु जीवन की कामना की। मुख्यमंत्री ने भी बहनों को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं देते हुए साड़ी और मिठाई भेंट की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता मजबूत परिवार और समृद्ध समाज की बुनियाद है। स्व-सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं किराना, सब्जी व्यवसाय और अन्य छोटे उद्यमों के साथ अब परिवहन सेवा में भी आगे बढ़ रही हैं। ई-रिक्शा उनके लिए रोजगार और नियमित आमदनी का माध्यम बनेगा।

पिछले साल 14, इस बार 50 महिलाओं को ई-रिक्शा

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले रक्षाबंधन पर 14 स्व-सहायता समूह की महिलाओं को ई-रिक्शा दिए गए थे। इस वर्ष ‘जशपुर एक्सप्रेस’ के तहत 50 और महिलाओं को यह सुविधा मिली है। रायपुर में भी महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए 92 ई-रिक्शा उपलब्ध कराए गए हैं। ई-रिक्शा चलाने वाली महिलाएं करीब 15 हजार रुपए तक मासिक आय अर्जित कर रही हैं।

उन्होंने महिलाओं से मुद्रा ऋण सहित अन्य योजनाओं का लाभ लेकर अपनी क्षमता के अनुरूप उद्यम शुरू करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं की आय बढ़ने से बच्चों की पढ़ाई, घरेलू जरूरतों और भविष्य की बचत में मदद मिलती है।

बगिया को भी विकास कार्यों की सौगात

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने करीब 3 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले बगिया विश्राम गृह का भूमिपूजन किया। यादव मोहल्ला तक सीसी सड़क निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने ई-रिक्शा प्राप्त करने वाली महिलाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश की अधिक से अधिक बहनों को आयमूलक गतिविधियों से जोड़ना है। कार्यक्रम में कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक कुमार सहित अधिकारी और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

Related Articles

Back to top button