नवा रायपुर में 31 अगस्त को क्रिटिकल मिनरल्स की नीलामी पर रोड शो, 20 ब्लॉक्स होंगे फोकस में

रायपुर। छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र में निवेश और अन्वेषण को बढ़ावा देने के लिए 31 अगस्त को नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त को लेकर रोड शो होगा। भारत सरकार के खान मंत्रालय के आयोजन में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और सतीश चंद्र दुबे समेत केंद्र व राज्य सरकार के अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और उद्योग प्रतिनिधि शामिल होंगे।
केंद्र सरकार ने नीलामी की 8वीं किश्त में 20 खनिज ब्लॉक्स शामिल किए हैं। इनमें 3 माइनिंग लीज और 17 कंपोजिट लाइसेंस ब्लॉक्स हैं। इनमें ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, वैनेडियम, गैलियम, टाइटेनियम, मोलिब्डेनम और टंगस्टन जैसे महत्वपूर्ण खनिज शामिल हैं। इन संसाधनों का विकास देश की खनिज सुरक्षा और रणनीतिक जरूरतों के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी होगा लॉन्च
कार्यक्रम में भूविज्ञान एवं खनन विभाग द्वारा खनिज क्षेत्र से जुड़े विषयों पर प्रस्तुतीकरण दिया जाएगा। इस दौरान टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ किया जाएगा। कंज्यूमर कटिंग-पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पीटीआरएसयू के साथ एमओयू का आदान-प्रदान होगा। माइनर मिनरल्स पर पुस्तक का विमोचन और तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
तकनीकी सत्र में नीलामी प्रक्रिया पर चर्चा
दोपहर 2 बजे से तकनीकी सत्र होगा। इसमें एमईसीएल, एसबीआई कैप्स और एमएसटीसी द्वारा खनिज ब्लॉक्स, नीलामी प्रक्रिया और ई-ऑक्शन से संबंधित जानकारी दी जाएगी। कंपोजिट लाइसेंस धारकों के लिए अन्वेषण व्यय की आंशिक प्रतिपूर्ति योजना पर भी चर्चा होगी। इसके बाद ओपन हाउस में निवेश और निजी भागीदारी की संभावनाओं पर विचार-विमर्श होगा।
1 सितंबर को संचालन की समीक्षा
रोड शो के अगले दिन 1 सितंबर को नीलाम किए गए प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन और प्रगति की समीक्षा होगी। दोपहर बाद माइन विजिट भी प्रस्तावित है। रोड शो से सरकार और उद्योग जगत के बीच समन्वय मजबूत होने तथा छत्तीसगढ़ में महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में निवेश के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद है।





