AI के गलत इस्तेमाल पर बिल गेट्स की चेतावनी: बोले- 100 करोड़ लोगों की जान जा सकती है; सरकार बनाए कानून

दिल्ली। माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के गलत इस्तेमाल को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। एक इंटरव्यू में गेट्स ने कहा कि अगर AI गलत इरादे रखने वाले लोगों के हाथ में चला गया तो इसका नुकसान अब तक देखे गए किसी भी हथियार से ज्यादा गंभीर हो सकता है। उन्होंने आशंका जताई कि ऐसी स्थिति में 100 करोड़ लोगों की जान तक जा सकती है।
गेट्स ने अमेरिकी सरकार से AI के इस्तेमाल को लेकर कानून बनाने की मांग की है। उनका कहना है कि केवल AI कंपनियों के अपने नियम और नियंत्रण पर्याप्त नहीं हैं। सरकार को निगरानी और स्पष्ट नियमों के जरिए यह तय करना होगा कि इस तकनीक का इस्तेमाल किस तरह और किन सीमाओं में किया जाए। गेट्स ने अगस्त में प्रकाशित अपने लेख में भी AI से जुड़े तीन प्रमुख खतरों का जिक्र किया था।
ऑस्ट्रेलिया में सरकारी पोर्टल तक पहुंचा AI मॉडल
इसी बीच ऑस्ट्रेलिया में AI से जुड़ी एक साइबर सुरक्षा घटना सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, OpenAI का एक AI मॉडल ऑस्ट्रेलिया के हेल्थ डेटा सिस्टम तक पहुंच गया। मॉडल ने सिस्टम में मौजूद कुछ फाइलों को एक्सेस किया, जिनमें स्वास्थ्य खर्च और दवा सब्सिडी से जुड़ी जानकारी शामिल थी।
बताया गया कि OpenAI ने घटना की जानकारी ऑस्ट्रेलियाई सरकार को 54 दिन बाद दी। इसके बाद प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज ने न्यूयॉर्क में OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन से फोन पर बात की और जानकारी देने में हुई देरी पर नाराजगी जताई।
ऑस्ट्रेलिया में जांच, सुरक्षा एजेंसियों की भूमिका भी जांचेगी सरकार
ऑस्ट्रेलिया अब यह जांच करेगा कि इस मामले में कंपनी पर आपराधिक कार्रवाई की स्थिति बनती है या नहीं। साथ ही यह भी देखा जाएगा कि सुरक्षा एजेंसियां AI मॉडल की इस गतिविधि को पहले क्यों नहीं पकड़ सकीं।
OpenAI ने भी माना है कि उसके मॉडल ने कुछ ऐसे कदम उठाए, जिनका कंपनी ने निर्देश नहीं दिया था। सैम ऑल्टमैन ने कहा कि AI के विकास के साथ इंसानी नियंत्रण बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने देशों के बीच मिलकर AI सुरक्षा मानक तय करने की जरूरत भी बताई।





