CM का दावा- 12 विधायकों ने दो शादियां कीं: विधानसभा में बोले 12 साल में 40 लाख बढ़ी आबादी

बेंगलुरु। कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के विधानसभा में दिए एक बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया है।
उन्होंने बेंगलुरु में बढ़ते शहरीकरण और आबादी का जिक्र करते हुए दावा किया कि शहर में रहने वाले करीब 12 विधायकों की दो शादियां हैं। शिवकुमार ने कहा कि वे चाहें तो इन विधायकों की सूची भी दे सकते हैं। हालांकि, उन्होंने सदन में किसी विधायक का नाम नहीं बताया।
शिवकुमार की टिप्पणी के बाद भाजपा नेताओं ने उनसे उन विधायकों के नाम सार्वजनिक करने की मांग की। विधानसभा में विपक्ष के नेता आर. अशोक ने बयान को गैर-जरूरी बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की टिप्पणी के बाद बेंगलुरु के बाहर से आकर राजनीति करने वाले विधायकों को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। अशोक ने कहा कि उनका जन्म और पालन-पोषण बेंगलुरु में ही हुआ है।
भाजपा विधायक एस. सुरेश कुमार ने भी टिप्पणी पर आपत्ति जताई। उनका कहना था कि मुख्यमंत्री ने भले ही यह बात मजाक में कही हो, लेकिन विधानसभा में इस तरह की टिप्पणी सदन की गरिमा के अनुरूप नहीं है।
बेंगलुरु की बढ़ती आबादी का दिया उदाहरण
शिवकुमार ने विधानसभा में बेंगलुरु के तेजी से विस्तार का जिक्र करते हुए कहा कि दूसरे इलाकों से आने वाले लोग शहर में बस जाते हैं और वापस नहीं जाते। उन्होंने केम्पेगौड़ा, केंगल हनुमंतैया और एसएम कृष्णा के योगदान का भी उल्लेख किया।
2011 की जनगणना के मुताबिक बेंगलुरु की आबादी करीब 96 लाख थी। 2023 की केंद्रीय भूजल बोर्ड की रिपोर्ट के अनुमान के अनुसार यह संख्या करीब 1.36 करोड़ हो गई। यानी लगभग 12 वर्षों में आबादी में करीब 40 लाख की वृद्धि हुई। शिवकुमार ने धारवाड़ और दक्षिण कन्नड़ समेत अन्य जिलों से बेंगलुरु आने वाले लोगों और विधायकों का भी संदर्भ दिया।





