ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

10 हजार विद्यार्थियों की होगी स्क्रीनिंग, ‘अंतरिक्ष संगवारी’ से खुलेंगे अंतरिक्ष विज्ञान के नए रास्ते

जशपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कैम्प कार्यालय बगिया में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान से जोड़ने के उद्देश्य से ‘अंतरिक्ष संगवारी’ अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण पहल का शुभारंभ किया। जिला प्रशासन जशपुर और IDYM Foundation के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुए इस कार्यक्रम में कक्षा 8वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को अंतरिक्ष विज्ञान, अंतरिक्ष यात्रा और अंतरिक्ष यात्री प्रशिक्षण की जानकारी दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जशपुर के बच्चों में प्रतिभा और सीखने की क्षमता की कमी नहीं है। उन्हें सही मार्गदर्शन, अवसर और आधुनिक वैज्ञानिक संसाधन उपलब्ध कराकर विज्ञान, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ाया जा सकता है। ‘अंतरिक्ष संगवारी’ विद्यार्थियों को किताबों से आगे ले जाकर अंतरिक्ष विज्ञान को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर देगा।

10 हजार विद्यार्थियों की होगी स्क्रीनिंग

कार्यक्रम में जिले के सभी 8 विकासखंडों को शामिल किया गया है। कक्षा 8वीं से 12वीं तक के करीब 10 हजार विद्यार्थियों की स्क्रीनिंग होगी। परीक्षा, मूल्यांकन और साक्षात्कार के विभिन्न चरणों के बाद अंतरिक्ष विज्ञान में रुचि रखने वाले प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।

पंजीयन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 है। 26 सितंबर को परीक्षा होगी, जबकि 27 से 29 सितंबर तक मूल्यांकन और साक्षात्कार होंगे। चयनित विद्यार्थियों के लिए 1 से 7 अक्टूबर तक रायपुर में विशेष प्रशिक्षण आयोजित किया जाएगा।

बेंगलुरु में अंतरिक्ष गतिविधियों की समझ

यह पहल भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन और अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला के समर्थन से संचालित हो रही है। 15 अक्टूबर से प्रस्तावित बेंगलुरु यात्रा में विद्यार्थियों को अंतरिक्ष एवं विज्ञान से जुड़े संस्थानों और गतिविधियों को करीब से जानने का अवसर मिलेगा। उन्हें शुभांशु शुक्ला से संवाद का अवसर भी मिलेगा। कार्यक्रम का समापन 26 अक्टूबर को पुरस्कार समारोह के साथ होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को भी आधुनिक विज्ञान के समान अवसर मिलना जरूरी है। ‘अंतरिक्ष संगवारी’ जशपुर के विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और देश के विज्ञान एवं अंतरिक्ष अभियानों में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।

Related Articles

Back to top button