YITM बंद होने के बाद 68 BTech छात्रों का ट्रांसफर, 67 को CSIT दुर्ग में मिला प्रवेश

राजनांदगांव/दुर्ग। युगांतर इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी एंड मैनेजमेंट (YITM), राजनांदगांव के बंद होने के बाद वहां पढ़ रहे बीटेक विद्यार्थियों के भविष्य को लेकर छत्तीसगढ़ स्वामी विवेकानंद तकनीकी विश्वविद्यालय ने बड़ा फैसला लिया है। विश्वविद्यालय ने संस्थान के 68 विद्यार्थियों को दुर्ग-भिलाई के दूसरे तकनीकी संस्थानों में स्थानांतरित कर दिया है। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और डिग्री की निरंतरता को लेकर बनी अनिश्चितता दूर हुई है।
स्थानांतरित विद्यार्थियों में 28 नियमित और 40 डिटेंड श्रेणी के छात्र शामिल हैं। इनमें 67 विद्यार्थियों को छत्रपति शिवाजी इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नालॉजी (CSIT), दुर्ग में प्रवेश दिया गया है, जबकि एक विद्यार्थी को आरएसआर रुगंटा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नालॉजी, भिलाई भेजा गया है। विश्वविद्यालय ने सभी विद्यार्थियों को 1 सितंबर तक नए संस्थान में प्रवेश लेने के निर्देश दिए हैं।
तीन सेमेस्टर के नियमित छात्र शामिल
नियमित विद्यार्थियों में तीसरे सेमेस्टर के 8, पांचवें सेमेस्टर के 11 और सातवें सेमेस्टर के 9 छात्र शामिल हैं। सभी 28 नियमित विद्यार्थियों को CSIT दुर्ग में स्थानांतरित किया गया है।
वहीं डिटेंड श्रेणी में तीसरे सेमेस्टर के 2, पांचवें के 6, छठवें के 19 और सातवें सेमेस्टर के 13 विद्यार्थी शामिल हैं। इनमें एक तीसरे सेमेस्टर के छात्र को छोड़कर सभी का स्थानांतरण CSIT दुर्ग में किया गया है।
कॉलेजों को रिकॉर्ड भेजने के निर्देश
विश्वविद्यालय ने संबंधित संस्थानों को विद्यार्थियों के प्रवेश की जानकारी अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने को कहा है। इसके साथ ही स्थानांतरण प्रमाण-पत्र की छायाप्रति जमा कराने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि विद्यार्थियों को नए रोल नंबर जारी किए जा सकें। कॉलेज प्राचार्यों को प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने की जिम्मेदारी दी गई है।
परीक्षा के लिए पात्रता जरूरी
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि नियमित और डिटेंड दोनों श्रेणी के विद्यार्थी सेमेस्टर परीक्षा की पात्रता पूरी करने के बाद ही ऑनलाइन मुख्य परीक्षा फॉर्म भर सकेंगे। इस फैसले से YITM बंद होने के कारण प्रभावित विद्यार्थियों को पढ़ाई जारी रखने का रास्ता मिल गया है।





