शेयर बाजार में लौटी तेजी: सेंसेक्स 500 अंक उछला, निफ्टी 24,650 के पार; एशियाई बाजारों में भी शानदार बढ़त

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में बुधवार (5 अगस्त) को शुरुआती कारोबार के दौरान जोरदार तेजी देखने को मिली। बीएसई सेंसेक्स करीब 500 अंक की बढ़त के साथ 79,050 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया।
वहीं, एनएसई निफ्टी भी बढ़त के साथ 24,650 के आसपास ट्रेड कर रहा है। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और विदेशी निवेशकों की खरीदारी से बाजार को मजबूती मिली है।
एशियाई बाजारों में भी बुधवार को तेजी का माहौल रहा। दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स 4.23% की उछाल के साथ कारोबार कर रहा है।
जापान का निक्केई करीब 2.98% चढ़ा, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग भी मामूली बढ़त के साथ हरे निशान में रहा। वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख का असर भारतीय बाजार पर भी दिखाई दिया।
अमेरिकी शेयर बाजार ने भी मंगलवार को शानदार प्रदर्शन किया था। डाउ जोन्स 907 अंक यानी 1.71% की बढ़त के साथ बंद हुआ।
वहीं नैस्डैक 2.59% और एसएंडपी 500 1.79% की तेजी के साथ बंद हुए। अमेरिकी बाजारों की मजबूती ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया है।
विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII/FPI) की खरीदारी भी बाजार को समर्थन दे रही है। पिछले सात कारोबारी दिनों में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में 7,270 करोड़ रुपए की शुद्ध खरीदारी की है।
हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने ताजा सत्र में 936 करोड़ रुपए की बिकवाली की, लेकिन पिछले 30 दिनों में उन्होंने 28,953 करोड़ रुपए का शुद्ध निवेश किया है।
गौरतलब है कि मंगलवार (4 अगस्त) को बाजार दबाव में रहा था।
उस दिन सेंसेक्स 210 अंक गिरकर 78,428 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 159 अंक की कमजोरी के साथ 24,614 के स्तर पर बंद हुआ था।
बुधवार को शुरुआती तेजी ने निवेशकों का उत्साह एक बार फिर बढ़ा दिया है।





