ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

मानसून की वापसी के बीच कई राज्यों में भारी बारिश, दिल्ली में बादल और UP-बिहार में बिगड़ा मौसम

दिल्ली। देशभर में मानसून की वापसी की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद कई राज्यों में बारिश का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 17 सितंबर को उत्तराखंड, पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं दिल्ली-NCR में बादल छाए रहेंगे और मौसम सुहाना बना रहेगा।

उत्तर भारत का मौसम

दिल्ली-NCR में 19 सितंबर तक आसमान में हल्के बादल बने रहने का अनुमान है। अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम 23-25 डिग्री तक रह सकता है। उत्तराखंड और हिमाचल में बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। यहां तीन लोगों की मौत की खबर है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है।

उत्तर प्रदेश का मौसम

पूर्वी यूपी में भारी बारिश के आसार हैं, जबकि पश्चिमी यूपी में कुछ जगह गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पूर्वी यूपी के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है।

बिहार का मौसम

पटना मौसम केंद्र ने राज्यभर में बारिश की भविष्यवाणी की है। पश्चिम चंपारण और गोपालगंज में भारी वर्षा को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं और ठनका गिरने की संभावना है। मंगलवार को पटना समेत कई जिलों में झमाझम बारिश हुई, जिससे फसलों को राहत मिली। हालांकि भागलपुर में औसत से 22% कम बारिश दर्ज की गई है।

अन्य राज्यों का मौसम

पश्चिमी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और झारखंड में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अंडमान-निकोबार में 20 सितंबर तक बारिश जारी रहेगी। मानसून विदाई की ओर है, लेकिन अंतिम चरण में भी इसका असर पूरे उत्तर भारत और पूर्वी राज्यों में देखने को मिल रहा है।

Related Articles

Back to top button