देश में गर्मी का कहर, कई राज्यों में पारा 40°C पार; केदारनाथ-बद्रीनाथ में बर्फबारी

दिल्ली। देशभर में मौसम के दो अलग-अलग रंग देखने को मिल रहे हैं। एक ओर मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है, वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में अब भी ठंड और बर्फबारी का दौर जारी है। केदारनाथ और बद्रीनाथ में ताजा बर्फबारी दर्ज की गई है, जिससे तापमान में गिरावट आई है।
इधर राजस्थान, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात और ओडिशा समेत कई राज्यों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। राजस्थान के बाड़मेर और जैसलमेर में तापमान 41°C से अधिक दर्ज किया गया, जबकि मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम में 42.1°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। उत्तर प्रदेश के बांदा में भी तापमान 40.4°C तक पहुंच गया।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो सप्ताह में तापमान में 6 से 8 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने महाराष्ट्र, तेलंगाना और कर्नाटक में हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। वहीं जम्मू-कश्मीर, असम और पूर्वोत्तर के कई राज्यों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।
16 और 17 अप्रैल को पूर्वोत्तर राज्यों में 30-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और बारिश होने का अनुमान है। मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में लू चलने की शुरुआत होगी, जबकि पश्चिमी राजस्थान और झारखंड में भी हीटवेव का असर बढ़ सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और सावधानी बरतने की सलाह दी है, क्योंकि आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होने के संकेत हैं।



