अबूझमाड़ में पहुंची सुशासन एक्सप्रेस: 36 ग्राम पंचायतों के 1300 ग्रामीणों को मिले आधार कार्ड

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ सरकार की सुशासन की पहल अब प्रदेश के सबसे दुर्गम और पहुंचविहीन क्षेत्रों तक पहुंच रही है।
नारायणपुर जिला प्रशासन द्वारा संचालित ‘सुशासन एक्सप्रेस’ के माध्यम से अबूझमाड़ के दूरस्थ गांवों में शासकीय सेवाएं सीधे लोगों तक पहुंचाई जा रही हैं।
इसी अभियान के तहत जुलाई माह में अबूझमाड़ क्षेत्र की 36 ग्राम पंचायतों में विशेष शिविर लगाकर करीब 1,300 हितग्राहियों को आधार कार्ड वितरित किए गए।
मोबाइल टीमों ने दुर्गम और वनांचल क्षेत्रों में पहुंचकर आधार पंजीयन और कार्ड वितरण का कार्य किया।
पहले जहां ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने या अन्य जरूरी दस्तावेजों के लिए कई किलोमीटर दूर जिला या ब्लॉक मुख्यालय जाना पड़ता था, वहीं अब यह सुविधा उनके गांवों में ही उपलब्ध हो रही है।
इससे समय और आर्थिक दोनों तरह की बचत हो रही है।
आधार कार्ड मिलने के बाद अबूझमाड़ के ग्रामीणों के लिए सरकारी योजनाओं का लाभ लेना भी आसान हो जाएगा।
वे अब सार्वजनिक वितरण प्रणाली (राशन), सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आयुष्मान भारत योजना, छात्रवृत्ति, बैंकिंग सेवाओं सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ बिना किसी परेशानी के प्राप्त कर सकेंगे।
जिला प्रशासन का कहना है कि ‘सुशासन एक्सप्रेस’ का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक शासन की सेवाएं पहुंचाना है।
यह पहल केवल दस्तावेज उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि अबूझमाड़ के नागरिकों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।
प्रशासन आने वाले समय में भी इस अभियान के जरिए दूरस्थ गांवों में विभिन्न जनकल्याणकारी सेवाएं उपलब्ध कराने का सिलसिला जारी रखेगा।





