ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ भाजपा के दूसरे सांसद भी अफसरों से नाराज: विजय बघेल ने दो निगम आयुक्तों पर विशेषाधिकार हनन की शिकायत की

रायपुर। छत्तीसगढ़ भाजपा में जनप्रतिनिधियों और अफसरों के बीच बढ़ते टकराव के बीच अब एक और मामला सामने आया है।

रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बाद अब दुर्ग से भाजपा सांसद विजय बघेल ने भी दो वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ लोकसभा अध्यक्ष के समक्ष विशेषाधिकार हनन की शिकायत दर्ज कराई है।

इस घटनाक्रम ने प्रदेश की नौकरशाही और जनप्रतिनिधियों के संबंधों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।

जानकारी के अनुसार, विजय बघेल ने भिलाई नगर निगम के तत्कालीन आयुक्त राजीव कुमार पांडे और भिलाई-चरोदा नगर निगम के आयुक्त डी.एस. राजपूत के खिलाफ शिकायत करते हुए लोकसभा अध्यक्ष से मामले को विशेषाधिकार समिति के पास भेजने का आग्रह किया है।

सांसद के करीबी सूत्रों ने शिकायत किए जाने की पुष्टि की है। इससे पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने स्वास्थ्य सचिव आईएएस अमित कटारिया के खिलाफ विशेषाधिकार हनन की शिकायत की थी।

बृजमोहन का आरोप था कि उनके संसदीय क्षेत्र से जुड़े जनहित के मुद्दों पर भेजे गए पत्रों का जवाब स्वास्थ्य सचिव नहीं दे रहे थे।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि बातचीत के दौरान अधिकारी ने कथित रूप से उनसे कहा था, “जो करना है कर लो।” इसी कथित टिप्पणी के बाद उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष से शिकायत की थी।

गौरतलब है कि बृजमोहन अग्रवाल स्वयं लोकसभा की विशेषाधिकार समिति के सदस्य भी हैं।

अब विजय बघेल की शिकायत सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगा है कि क्या प्रदेश में जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच संवाद की कमी बढ़ रही है।

हालांकि, दोनों मामलों में संबंधित अधिकारियों की ओर से सार्वजनिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों के आचरण और जनप्रतिनिधियों के पत्रों के समयबद्ध जवाब को लेकर राज्य सरकार के दिशा-निर्देश पहले से लागू हैं। अब निगाहें इस बात पर हैं कि लोकसभा अध्यक्ष इन शिकायतों पर आगे क्या निर्णय लेते हैं।

Related Articles

Back to top button