ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा विज्ञान केंद्र पहुंचे इसरो के वरिष्ठ वैज्ञानिक: जनजातीय बच्चों में वैज्ञानिक सोच विकसित करने की पहल की सराहना

दंतेवाड़ा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के वरिष्ठ वैज्ञानिक प्रोफेसर आनंद और उनकी विशेषज्ञ टीम ने जिला विज्ञान केंद्र, दंतेवाड़ा का दौरा कर यहां संचालित वैज्ञानिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों का अवलोकन किया।

इस दौरान टीम ने विज्ञान केंद्र में उपलब्ध आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों के लिए चलाए जा रहे नवाचार आधारित कार्यक्रमों की सराहना की।

इसरो की टीम ने विज्ञान केंद्र की स्पेस गैलरी, फिजिक्स गैलरी, माइनिंग गैलरी, विभिन्न विज्ञान प्रदर्शनों, वर्किंग मॉडल्स और विद्यार्थियों के लिए संचालित ‘करके सीखें’ गतिविधियों का निरीक्षण किया।

वैज्ञानिकों ने कहा कि सुदूर जनजातीय क्षेत्र के बच्चों में वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करने के लिए जिला प्रशासन और विज्ञान केंद्र का प्रयास सराहनीय है।

प्रोफेसर आनंद ने कहा कि विज्ञान केंद्र बच्चों को केवल किताबों तक सीमित नहीं रखता, बल्कि प्रयोगों और व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से विज्ञान को सरल और रोचक बनाता है।

उन्होंने केंद्र प्रमुख उपेंद्र गौतम और उनकी पूरी टीम की मेहनत की भी प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास भविष्य के वैज्ञानिक तैयार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

इसरो के वैज्ञानिकों ने विज्ञान केंद्र में नियमित रूप से आयोजित शैक्षणिक भ्रमण, ‘कबाड़ से जुगाड़’ जैसी नवाचार गतिविधियों और खगोल विज्ञान पर आधारित डॉक्यूमेंट्री प्रदर्शन को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक जिज्ञासा बढ़ाने की प्रभावी पहल बताया।

उनका कहना था कि ऐसी गतिविधियां बच्चों को विज्ञान, अंतरिक्ष अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।

भ्रमण के अंत में विज्ञान केंद्र प्रबंधन ने इसरो की टीम का आभार व्यक्त किया। वैज्ञानिकों की मौजूदगी से विद्यार्थियों, शिक्षकों और विज्ञान में रुचि रखने वाले युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।

स्थानीय लोगों का मानना है कि ऐसे दौरे ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के बच्चों को बड़े सपने देखने और विज्ञान के क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित करेंगे।

Related Articles

Back to top button