सेवा सेतु पोर्टल से आसान हुआ विवाह पंजीयन: दंतेवाड़ा के बड़े बचेली में ग्रामीणों को घर के पास मिली सुविधा

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ शासन का सेवा सेतु पोर्टल ग्रामीण क्षेत्रों में शासकीय सेवाओं को अधिक आसान, पारदर्शी और सुलभ बनाने की दिशा में प्रभावी साबित हो रहा है।
दंतेवाड़ा विकासखंड की ग्राम पंचायत बड़े बचेली में ऑनलाइन विवाह पंजीयन की सुविधा मिलने से कई परिवारों को राहत मिली है। अब ग्रामीणों को विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए दूर-दराज के सरकारी कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ रहे हैं।
पहले विवाह प्रमाण पत्र के अभाव में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेने और अन्य जरूरी दस्तावेज तैयार कराने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था।
इसके लिए समय और धन दोनों खर्च होते थे। पंचायत स्तर पर चलाए गए जागरूकता अभियान के बाद लोगों को सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन विवाह पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी दी गई।
ग्राम पंचायत सचिव प्रियंका दीवान और सरपंच गोविंद कुंजाम के मार्गदर्शन में पात्र दंपतियों ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ ऑनलाइन आवेदन किए। दस्तावेजों के सत्यापन के बाद उन्हें निर्धारित समय में विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिए गए।
ग्राम पंचायत के निवासी जोगाराम और उनकी पत्नी अमवती नाग ने बताया कि विवाह प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण उन्हें कई सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी होती थी।
सेवा सेतु पोर्टल पर आवेदन करने के बाद उन्हें आसानी से प्रमाण पत्र मिल गया और अब सरकारी कार्यों में किसी तरह की दिक्कत नहीं होती।
इसी तरह सुषमा तामो और संतोष ने बताया कि पहले उन्हें विवाह पंजीयन की प्रक्रिया की जानकारी नहीं थी। पंचायत के सहयोग से उन्होंने ऑनलाइन आवेदन किया और समय पर प्रमाण पत्र प्राप्त कर लिया। इससे उनके समय और खर्च दोनों की बचत हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि सेवा सेतु पोर्टल से पूरी प्रक्रिया सरल, तेज और पारदर्शी हुई है।
बड़े बचेली में विवाह पंजीयन की यह पहल डिजिटल सुशासन का सफल उदाहरण बनकर उभरी है और अब ग्रामीण अन्य शासकीय सेवाओं के लिए भी ऑनलाइन माध्यम का अधिक उपयोग कर रहे हैं।





