सीएम हेल्पलाइन में लापरवाही: पीडब्ल्यूडी के 13 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस

रायपुरनागरिकों की समस्याओं के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण समाधान के लिए संचालित सीएम हेल्पलाइन-1076 को लेकर राज्य शासन बेहद गंभीर है। पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के असंतोषप्रद निराकरण और लापरवाही बरतने पर लोक निर्माण विभाग (PWD) ने सख्त रुख अपनाते हुए 13 अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों से 15 दिनों के भीतर जवाब प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है।
कार्रवाई के मुख्य कारण
विगत अगस्त और सितम्बर माह की समीक्षा के दौरान पाया गया कि एल-1, एल-2 और एल-3 स्तर के अधिकारियों ने शिकायतों को बिना किसी सारगर्भित टीप के बंद कर दिया। शिकायत बंद करते समय स्थल निरीक्षण के निष्कर्ष, की गई कार्यवाही, समय-सीमा और शिकायतकर्ता को दी गई सूचना का कोई स्पष्ट उल्लेख नहीं था। शासन ने इसे पदीय कर्तव्यों का उल्लंघन और आंकड़ों को भ्रामक प्रस्तुत करने वाली लापरवाही माना है।





