ChhattisgarhStateNews

महतारी वंदन योजना: माताओं को आर्थिक संबल और बच्चों की शिक्षा को नई उड़ान

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना छत्तीसगढ़ की महिलाओं के जीवन में बड़ा बदलाव ला रही है। सीमित संसाधनों के बीच बच्चों को पढ़ाने और घर चलाने वाली माताओं के लिए यह योजना वरदान साबित हो रही है। पेंड्रा विकासखंड के ग्राम लाटा की रहने वाली श्रीमती मानकुंवर मसराम की कहानी इसका जीवंत उदाहरण है।

​हाल ही में योजना की 32वीं किस्त मिलने पर मानकुंवर के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही है। हर महीने मिलने वाले एक हजार रुपये उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा बन गए हैं। इस राशि का उपयोग वह मुख्य रूप से बच्चों के लिए कॉपी, पेन और अन्य जरूरी शैक्षणिक सामग्री खरीदने में करती हैं, जिससे बच्चों की पढ़ाई में संसाधनों की कमी नहीं आती।

​पढ़ाई के साथ-साथ यह राशि घर की रसोई के लिए सब्जियां और अन्य छोटी-मोटी जरूरतें पूरी करने में भी मददगार साबित हो रही है। इससे परिवार पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम हुआ है। मानकुंवर जैसी माताएं इस आर्थिक सहयोग से न सिर्फ अपनी पारिवारिक जिम्मेदारियां बेहतर ढंग से निभा रही हैं, बल्कि अपने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के सपने को भी साकार कर रही हैं।

​इस जनकल्याणकारी योजना के लिए मानकुंवर ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के प्रति दिल से आभार जताया है। महतारी वंदन योजना आज महिलाओं के सशक्तिकरण के साथ-साथ आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य की मजबूत नींव बन रही है।

Related Articles

Back to top button