छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के सभी मैच जियोहॉटस्टार पर होंगे लाइव

22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक रोज शाम 5:30 बजे देख सकेंगे मुकाबले, हिंदी और छत्तीसगढ़ी में होगी कमेंट्री; ओलंपियन खिलाड़ियों का भी दिखेगा दम
रायपुर। छत्तीसगढ़ हॉकी लीग के मुकाबले अब रायपुर के मैदान तक सीमित नहीं रहेंगे। जियोहॉटस्टार को लीग का आधिकारिक स्ट्रीमिंग पार्टनर बनाया गया है। इसके तहत 22 अक्टूबर से 1 नवंबर तक होने वाले सभी 18 मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग की जाएगी। दर्शक रोजाना शाम 5:30 बजे से हिंदी और छत्तीसगढ़ी भाषा में मुकाबलों का आनंद ले सकेंगे। इससे राज्य के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और वैश्विक स्तर पर पहचान मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारत की पहली आधिकारिक राज्य हॉकी लीग है, जिसे हॉकी इंडिया से मान्यता मिली है। इसमें प्रदेश के छह शहरों का प्रतिनिधित्व करने वाली छह फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। लीग मुकाबलों के बाद शीर्ष चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी। टूर्नामेंट का फाइनल 1 नवंबर 2026 को खेला जाएगा।
ओलंपियन खिलाड़ियों की मौजूदगी बढ़ाएगी रोमांच
लीग में भारतीय हॉकी के कई दिग्गज खिलाड़ी भी शामिल होंगे। इनमें ओलंपियन सुरेंद्र कुमार, प्रदीप मोर, एसवी सुनील, ललित कुमार उपाध्याय, शमशेर और चिंगलेनसाना सिंह कंगुजाम प्रमुख हैं। ये खिलाड़ी छह फ्रेंचाइजी के लिए मार्की खिलाड़ी के रूप में मैदान पर उतरेंगे। उनके अनुभव और प्रदर्शन से मुकाबलों का रोमांच बढ़ने की उम्मीद है।
टूर्नामेंट के पहले दिन महिलाओं के लिए प्रदर्शनी मैच भी आयोजित किया जाएगा। खेल एवं युवा कल्याण विभाग की ओर से होने वाले इस मुकाबले का उद्देश्य महिला हॉकी को बढ़ावा देना और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करना है।
खिलाड़ियों को मिलेगा आगे बढ़ने का मंच
खेल एवं युवा कल्याण विभाग की संचालक आकांक्षा शिक्षा खलखो ने कहा कि छत्तीसगढ़ हॉकी लीग भारतीय हॉकी के इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय की शुरुआत है। इसका उद्देश्य राज्य के खिलाड़ियों को राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के अवसर उपलब्ध कराना है। जियोहॉटस्टार पर सभी मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग से लीग की पहुंच व्यापक होगी और दुनिया भर के दर्शक प्रदेश के खिलाड़ियों का हुनर देख सकेंगे।
‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ से जुड़ेंगे दर्शक
लीग की टैगलाइन ‘चलो रे संगी हॉकी खेलबो’ रखी गई है। इसका उद्देश्य छत्तीसगढ़ में हॉकी के माहौल को मजबूत करना, उभरते खिलाड़ियों को अवसर देना और राष्ट्रीय खेल के विकास को गति देना है। हिंदी और छत्तीसगढ़ी में प्रसारण से स्थानीय दर्शकों को भी मुकाबलों से जुड़ने का मौका मिलेगा। आयोजकों को उम्मीद है कि लीग से प्रदेश की खेल पहचान मजबूत होगी और युवाओं में हॉकी के प्रति रुचि बढ़ेगी।





