ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

NMEO योजना से बदलेगी किसानों की तस्वीर: सरगुजा के किसान ने एक एकड़ में बोई उन्नत मूंगफली, बेहतर पैदावार की उम्मीद

अंबिकापुर। किसानों की आय बढ़ाने और तिलहनी फसलों के उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए कृषि विभाग द्वारा संचालित राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन-ऑयल पाम एवं तिलहन (NMEO) योजना का सकारात्मक असर अब खेतों में दिखाई देने लगा है।

योजना के तहत किसानों को उन्नत बीज, आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी और नियमित तकनीकी मार्गदर्शन दिया जा रहा है, जिससे उत्पादन बढ़ने के साथ उनकी आय में भी सुधार की उम्मीद है।

सरगुजा जिले के ग्राम ईरगवां निवासी किसान बेसाहू राम ने कृषि विभाग से संपर्क कर इस योजना का लाभ लिया। विभाग ने उन्हें 40 किलोग्राम उन्नत किस्म का मूंगफली बीज निःशुल्क उपलब्ध कराया, जिसे उन्होंने अपनी एक एकड़ कृषि भूमि में बोया है।

बेसाहू राम ने बताया कि ग्राम कृषि विस्तार अधिकारी के मार्गदर्शन में खेत की वैज्ञानिक तरीके से तैयारी की गई। इसके बाद आधुनिक पद्धति से बुवाई और फसल प्रबंधन किया गया।

इसका परिणाम यह रहा कि बीज का अंकुरण बेहतर हुआ और फसल की बढ़वार भी संतोषजनक है। वर्तमान स्थिति को देखते हुए उन्हें इस वर्ष अच्छी पैदावार और आय में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि समय पर गुणवत्तायुक्त बीज और तकनीकी सलाह मिलने से खेती की गुणवत्ता में सुधार आया है। वैज्ञानिक तरीके अपनाने का सीधा असर उत्पादन पर दिखाई दे रहा है, जिससे किसानों का आत्मविश्वास भी बढ़ा है।

कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार, NMEO योजना के माध्यम से किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, आधुनिक खेती की तकनीक और नियमित तकनीकी परामर्श उपलब्ध कराया जा रहा है।

इससे तिलहनी फसलों का रकबा और उत्पादन बढ़ाने के साथ किसानों की आय में वृद्धि सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है।

विभाग ने जिले के किसानों से शासन की कृषि हितैषी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।

अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक और आधुनिक खेती अपनाकर किसान कम लागत में अधिक उत्पादन हासिल कर अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बना सकते हैं।

Related Articles

Back to top button