सोने-चांदी की कीमतों में तेजी, दिसंबर तक और बढ़ सकते हैं दाम

दिल्ली। सोने-चांदी की कीमतों में इस सप्ताह एक बार फिर तेजी देखने को मिली है। इंडिया बुलियन एंड ज्वेलर्स एसोसिएशन (IBJA) के मुताबिक, एक किलो चांदी का भाव 7,988 रुपए बढ़कर 2.37 लाख रुपए हो गया है।
पिछले सप्ताह 11 सितंबर को चांदी 2.29 लाख रुपए प्रति किलो थी। इसी तरह 10 ग्राम 24 कैरेट सोने की कीमत 1,789 रुपए बढ़कर 1.54 लाख रुपए पर पहुंच गई है। पिछले सप्ताह इसका भाव करीब 1.52 लाख रुपए था।
शहरों में सोने के दाम अलग-अलग होने के पीछे कई वजहें होती हैं। इनमें सोने की ढुलाई और सुरक्षा का खर्च, स्थानीय मांग-सप्लाई, ज्वेलर्स की खरीद कीमत और स्थानीय ज्वेलरी एसोसिएशन के तय किए गए रेट शामिल हैं। दक्षिण भारत में सोने की खपत अधिक होने के कारण वहां ज्वेलर्स की खरीदारी का पैटर्न भी कीमतों को प्रभावित कर सकता है।
दिसंबर तक सोना 1.70 लाख तक पहुंचने का अनुमान
कोटक सिक्युरिटीज के सीनियर वीपी अनिंद्य बनर्जी के मुताबिक, दुनिया के कई केंद्रीय बैंक लगातार सोने की खरीद कर रहे हैं। वैश्विक स्तर पर अनिश्चितता बनी रहने से सोने की मांग मजबूत रह सकती है। उनके अनुमान के मुताबिक दिसंबर तक 10 ग्राम सोना 1.70 लाख रुपए और एक किलो चांदी 3 लाख रुपए तक पहुंच सकती है।
इस साल सोना 21 हजार महंगा
2026 में अब तक सोने की कीमत में करीब 21 हजार रुपए की बढ़ोतरी हो चुकी है। 31 दिसंबर 2025 को 10 ग्राम सोना 1.33 लाख रुपए था, जो अब 1.54 लाख रुपए पर पहुंच गया है। चांदी भी 31 दिसंबर के 2.30 लाख रुपए प्रति किलो से बढ़कर 2.37 लाख रुपए हो गई है।
इस साल 29 जनवरी को सोने का भाव 1.76 लाख रुपए और चांदी का भाव 3.86 लाख रुपए प्रति किलो के ऑलटाइम हाई तक पहुंच चुका है।





