StateNewsछत्तीसगढ़

रायपुर में 141 करोड़ के फर्जी कारोबार से 23 करोड़ की ITC ली

रायपुर। राजधानी रायपुर में जीएसटी फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। अगस्त्य इंटरप्राइजेस के संचालक अमन अग्रवाल पर बोगस कंपनियों के जरिए 141.74 करोड़ रुपए की खरीदी-बिक्री दिखाकर 23.43 करोड़ रुपए की इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) लेने का आरोप है।

जीएसटी विभाग की जांच में संबंधित फर्मों के दस्तावेज और पते का भौतिक सत्यापन किया गया। इसमें कई कंपनियां फर्जी या अस्तित्वहीन मिलीं। विभाग की शिकायत पर पुलिस ने अमन अग्रवाल के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच में एक चौंकाने वाला मामला भी सामने आया। भिलाई की हुसैनी इंटरप्राइजेस से अगस्त्य इंटरप्राइजेस ने 16.61 करोड़ रुपए की बिक्री और 2.99 करोड़ रुपए की आईटीसी दिखाई। फर्म के पते के लिए फूल सिंह के नाम किरायानामा लगाया गया था। जांच में पता चला कि फूल सिंह की 2010 में ही मौत हो चुकी थी, जबकि किरायानामा 21 मार्च 2025 का बनाया गया था।

इसी तरह चूड़ी की दुकान चलाने वाले मोहम्मद इस्लाम ने अगस्त्य इंटरप्राइजेस के साथ किसी कारोबार और बैंक लेन-देन से इनकार किया। इसके बावजूद फर्म के नाम 11.61 करोड़ रुपए की बिक्री और 2.08 करोड़ रुपए की आईटीसी दिखाई गई।

इन कंपनियों से दिखाया करोड़ों का कारोबार

जांच में अंसारी ट्रेडर्स से 30.71 करोड़ की बिक्री और 5.52 करोड़ की आईटीसी, ललित ट्रेड लिंक से 29.72 करोड़ की बिक्री और 5.17 करोड़ की आईटीसी, अगस्त इंटरप्राइजेस से 22.47 करोड़ की बिक्री और 4.04 करोड़ की आईटीसी दिखाई गई। विनायक वेंचर्स, महावीर इंटरप्राइजेस और यूनिक इंटरप्राइजेस समेत अन्य फर्मों से भी करोड़ों का कारोबार दर्शाया गया।

फर्जी बिल से ऐसे होता है खेल

फर्जी जीएसटी फर्म बनाने के लिए जाली दस्तावेज, गलत पते और फर्जी किरायानामे का इस्तेमाल किया जाता है। इसके बाद बिना वास्तविक माल खरीदे-बेचे कागजों पर बिल तैयार किए जाते हैं। इन्हीं बिलों के आधार पर आईटीसी का दावा किया जाता है। विभाग जब पते, बैंक खातों और ई-वे बिल की जांच करता है, तो फर्जीवाड़े का खुलासा होता है।

Related Articles

Back to top button