छत्तीसगढ़-ओडिशा बॉर्डर पर 1.07 करोड़ का गांजा जब्त: बोलेरो पिकअप से 215 किलो बरामद, यूपी का तस्कर गिरफ्तार

जगदलपुर। बस्तर पुलिस ने छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर बड़ी कार्रवाई करते हुए बोलेरो पिकअप से करीब 215 किलोग्राम गांजा जब्त किया है।
जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 1.07 करोड़ रुपए बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान उत्तर प्रदेश के गोरखपुर निवासी एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि उसका साथी बारिश और अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मामला नगरनार थाना क्षेत्र का है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक सफेद बोलेरो पिकअप में गांजे की बड़ी खेप लेकर दो तस्कर जगदलपुर की ओर आ रहे हैं। सूचना के आधार पर धनपुंजी फॉरेस्ट नाका पर नाकाबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू की गई।
शनिवार देर रात संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी लेने पर उसमें रखी 9 प्लास्टिक बोरियों से 105 पैकेट गांजा बरामद हुआ।
पुलिस के मुताबिक, जब्त गांजे का कुल वजन 214.300 किलोग्राम है। इसके अलावा बोलेरो पिकअप, एक सैमसंग मोबाइल फोन और 700 रुपए नकद भी जब्त किए गए हैं। वाहन रुकते ही एक आरोपी जंगल की ओर भाग निकला, जबकि चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विजय पांडेय (34) निवासी गोरखपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने फरार साथी का नाम सोनू यादव बताया है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
सीएसपी सुमीत कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गांजे की खेप ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाई जा रही थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है, जबकि फरार तस्कर की तलाश जारी है।





