ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 48 घंटे से झमाझम बारिश: रायपुर-भिलाई में जलभराव, 8 जिलों में रेड अलर्ट; अगले दो दिन भारी बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 48 घंटे से राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के कई जिलों में लगातार बारिश हो रही है। तेज बारिश के कारण रायपुर, भिलाई, दुर्ग, बिलासपुर, गरियाबंद और अन्य जिलों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई इलाकों में सड़कें तालाब में तब्दील हो गईं, जबकि निचले क्षेत्रों के घरों में पानी घुसने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के लिए प्रदेश के 8 जिलों में रेड अलर्ट, 15 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 6 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने भारी से अति भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं की चेतावनी देते हुए लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

रायपुर में बीते 24 घंटे में 154.4 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि दुर्ग, राजनांदगांव, रायगढ़ और जगदलपुर समेत कई जिलों में भी अच्छी बारिश हुई। लगातार बारिश के चलते रायपुर के टाटीबंध, डीडी नगर, कोटा अंडरब्रिज और फाफाडीह सहित कई क्षेत्रों में जलभराव हो गया। वहीं भिलाई के सुपेला, नेहरू नगर, तालपुरी और कैंप क्षेत्र की सड़कें भी पानी में डूब गईं।

बारिश के बीच कई हादसे भी सामने आए। बिलासपुर में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई, जबकि गरियाबंद में पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो मासूम बच्चों की जान चली गई। बगनई नदी का जलस्तर बढ़ने से बीच नदी में फंसे 14 मजदूरों को एसडीआरएफ की टीम ने सुरक्षित बाहर निकाला।

हालांकि राज्य में अब तक सामान्य से करीब 33 प्रतिशत कम बारिश दर्ज हुई है, लेकिन मौसम विभाग का कहना है कि वर्तमान बारिश से इसकी भरपाई होने की उम्मीद है। विभाग के अनुसार 8 जुलाई तक प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button