StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

देवेंद्र यादव को हाईकोर्ट से झटका: चुनाव याचिका खारिज करने की मांग ठुकराई, अब होगी नियमित सुनवाई

बिलासपुर। भिलाई नगर से कांग्रेस विधायक देवेंद्र यादव को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट से बड़ा झटका लगा है। हाईकोर्ट ने पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा नेता प्रेम प्रकाश पांडेय की ओर से दायर चुनाव याचिका को प्रारंभिक स्तर पर खारिज करने की देवेंद्र यादव की मांग अस्वीकार कर दी है। अदालत के इस फैसले के बाद अब मामले की नियमित सुनवाई होगी।

यह मामला वर्ष 2023 के विधानसभा चुनाव से जुड़ा है। भिलाई नगर विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी देवेंद्र यादव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम प्रकाश पांडेय को हराया था। चुनाव परिणाम के बाद प्रेम प्रकाश पांडेय ने हाईकोर्ट में चुनाव याचिका दायर कर निर्वाचन को चुनौती दी थी।

याचिका में आरोप लगाया गया है कि देवेंद्र यादव ने नामांकन के दौरान दाखिल अपने शपथपत्र (एफिडेविट) में आपराधिक मामलों और संपत्ति से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी का पूरा खुलासा नहीं किया। याचिकाकर्ता का कहना है कि यह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 के प्रावधानों का उल्लंघन है और इसी आधार पर उनके निर्वाचन को निरस्त किया जाना चाहिए।

मामले में देवेंद्र यादव की ओर से अदालत में आवेदन पेश कर चुनाव याचिका को शुरुआती स्तर पर ही खारिज करने की मांग की गई थी। उनका तर्क था कि याचिका सुनवाई योग्य नहीं है। हालांकि, हाईकोर्ट ने इस दलील को स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि याचिका में उठाए गए आरोपों और तथ्यों की विस्तृत जांच आवश्यक है, इसलिए बिना सुनवाई के इसे खारिज नहीं किया जा सकता।

अब आगामी सुनवाई में दोनों पक्ष अपने-अपने दस्तावेज, साक्ष्य और कानूनी तर्क अदालत के समक्ष पेश करेंगे। इसके बाद हाईकोर्ट यह तय करेगा कि शपथपत्र में जानकारी छिपाने के आरोप सही हैं या नहीं और उनका चुनाव परिणाम पर कोई कानूनी प्रभाव पड़ता है। फिलहाल अदालत के इस आदेश से चुनाव याचिका पर सुनवाई का रास्ता साफ हो गया है।

Related Articles

Back to top button