बस से छात्रा और दोनों आरोपियों के फिंगरप्रिंट मिले; कपड़े जब्त, DNA रिपोर्ट का इंतजार; जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी

दिल्ली। दिल्ली में चलती स्लीपर बस में 16 साल की छात्रा से गैंगरेप के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। फोरेंसिक जांच के दौरान पुलिस को बस से छात्रा और दोनों आरोपियों के फिंगरप्रिंट मिले हैं।
बस की सीटों और स्टीयरिंग व्हील से भी सैंपल लिए गए हैं। पुलिस ने ड्राइवर कुलदीप और कंडक्टर संदीप के कपड़े भी जब्त किए हैं। अब पुलिस DNA रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और घटना में इस्तेमाल स्लीपर बस भी जब्त कर ली गई है। DNA रिपोर्ट आने के बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए जल्द चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी है।
परिवार में झगड़े के बाद घर से निकली थी छात्रा
घटना 4 अगस्त की रात की है। मैनपुरी की रहने वाली 11वीं की छात्रा परिवार में झगड़े के बाद बिना बताए नोएडा में रहने वाले अपने कजिन के घर जाने के लिए निकली थी। बारिश और अंधेरे के बीच वह परी चौक पहुंची। नोएडा जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रही छात्रा ने एक खाली स्लीपर बस को रुकने का इशारा किया।
पुलिस के अनुसार, ड्राइवर और कंडक्टर ने उसे बस में बैठाया और बताया कि बस नोएडा सेक्टर-63 जा रही है। आरोप है कि कुछ देर बाद कंडक्टर ने छात्रा के साथ अश्लील हरकत की कोशिश की। इसके बाद ड्राइवर और कंडक्टर ने उसके साथ रेप किया। विरोध करने पर दोनों ने जान से मारने की धमकी दी।
आरोपियों ने देर रात छात्रा को कश्मीरी गेट बस टर्मिनल के पास रिंग रोड पर उतार दिया। इसके बाद छात्रा ने कश्मीरी गेट पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी। मामला 31 अगस्त को सामने आया।





