StateNewsदेश - विदेश

कॉकरोच जनता पार्टी सोशल मीडिया पर छाई, इंस्टाग्राम पर 1.93 करोड़ फॉलोअर्स

दिल्ली। डिजिटल संगठन ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गई है। संगठन के इंस्टाग्राम अकाउंट पर 24 घंटे के भीतर फॉलोअर्स की संख्या दोगुनी होकर 1.93 करोड़ (19.3 मिलियन) पहुंच गई।

यह आंकड़ा देश की बड़ी राजनीतिक पार्टियों से भी ज्यादा बताया जा रहा है। तुलना करें तो BJP के इंस्टाग्राम पर करीब 90 लाख और कांग्रेस के 1.34 करोड़ फॉलोअर्स हैं।

CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने इंस्टाग्राम अकाउंट हैक करने की कोशिश का आरोप लगाया है। वहीं 21 मई को संगठन का पुराना X अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया।

उस समय अकाउंट पर 1.93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स थे। इसके बाद संगठन ने नया X अकाउंट बनाया, जिसका नाम ‘Cockroach Is Back’ रखा गया।

बायो में लिखा गया- “Cockroaches Don’t Die” यानी “कॉकरोच मरते नहीं।” नया अकाउंट शुरू होने के कुछ घंटों में ही 1.26 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटा चुका है।

यह डिजिटल आंदोलन 15 मई को उस समय चर्चा में आया, जब सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने बेरोजगार युवाओं को लेकर ‘कॉकरोच’ शब्द का इस्तेमाल किया था। इसके बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर मीम्स और कैंपेन शुरू हुए।

CJP खुद को बेरोजगार और ऑनलाइन एक्टिव युवाओं की आवाज बताती है। संगठन का नारा है- “सेक्युलर, सोशलिस्ट, डेमोक्रेटिक, लेजी।” पार्टी ने महिलाओं को 50% आरक्षण, दलबदल पर 20 साल की रोक और मीडिया सुधार जैसे वादे भी किए हैं।

30 वर्षीय अभिजीत दीपके महाराष्ट्र के संभाजीनगर के रहने वाले हैं और पहले आम आदमी पार्टी के सोशल मीडिया स्ट्रैटजिस्ट रह चुके हैं। फिलहाल वे अमेरिका की बॉस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button