हीटवेव का डबल अटैक, 35 शहरों में रात का पारा 30°C पार: बांदा लगातार 5वें दिन सबसे गर्म

दिल्ली। देशभर में भीषण गर्मी का कहर जारी है और फिलहाल राहत के कोई संकेत नहीं दिख रहे। इस बार दिन की झुलसाने वाली गर्मी के साथ रातें भी लोगों को बेहाल कर रही हैं।
गुरुवार को देश के 35 शहरों में रात का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। राजस्थान के हनुमानगढ़ में सबसे ज्यादा 33.7°C न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया।
उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान समेत 10 राज्यों के 24 शहरों में दिन का तापमान 45°C से ज्यादा रहा। उत्तर प्रदेश का बांदा लगातार पांचवें दिन 47.6°C तापमान के साथ देश का सबसे गर्म शहर बना रहा। वहीं छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में पारा 47°C तक पहुंच गया।
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश में अगले तीन दिनों के लिए हीटवेव का रेड अलर्ट जारी किया है। बिहार के पटना और गया में भीषण गर्मी को देखते हुए 22 से 26 मई तक पांचवीं तक के स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
दूसरी ओर बिहार के मधेपुरा और सहरसा में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हो गई। राजस्थान में गंभीर हीटवेव और गर्म रातों का अलर्ट जारी है। वहीं छत्तीसगढ़, हरियाणा, दिल्ली, पंजाब, महाराष्ट्र और तेलंगाना में भी गर्म हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
दूसरी तरफ पूर्वोत्तर राज्यों, केरल, कर्नाटक और तमिलनाडु में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले दो दिनों तक उत्तर भारत में गर्मी अपने चरम पर रह सकती है। कई राज्यों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना भी बनी हुई है, लेकिन इससे तापमान में बड़ी राहत मिलने के आसार कम हैं।



