नीट पेपर लीक 5 राज्यों तक फैला, महाराष्ट्र सबसे बड़ा केंद्र; CBI खरीदारों की भी बना रही लिस्ट

दिल्ली। नीट-यूजी पेपर लीक मामले में सीबीआई जांच के दौरान बड़ा खुलासा हुआ है। जांच एजेंसी के मुताबिक, मेडिकल प्रवेश परीक्षा का पेपर कम से कम 5 राज्यों में बेचा गया था।
इसमें महाराष्ट्र सबसे बड़ा केंद्र बनकर सामने आया है, जबकि राजस्थान दूसरे नंबर पर है। सीबीआई अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ और डिजिटल डिवाइस की जांच में यह जानकारी मिली है।
जांच में पता चला है कि महाराष्ट्र से पेपर और कथित ‘क्वेश्चन बैंक’ राजस्थान समेत दूसरे राज्यों तक पहुंचाया गया। एजेंसी को दोनों राज्यों में पेपर के प्रिंट निकालकर बेचने के सबूत भी मिले हैं। यही वजह है कि अब तक यह तय नहीं हो पाया है कि पेपर कितने छात्रों तक पहुंचा था।
सीबीआई के अनुसार, कुछ परिजनों ने पेपर खरीदने के बाद उसे आगे दूसरे लोगों को भी बेच दिया। अब एजेंसी सिर्फ पेपर लीक करने वाले बिचौलियों और मास्टरमाइंड तक सीमित नहीं है, बल्कि पेपर खरीदने वाले रसूखदार माता-पिता और छात्रों की भी पहचान कर रही है।
जांच एजेंसी उन लोगों की सूची तैयार कर रही है, जिनके बैंक खातों से आरोपी शिवराज मोटेगांवकर, पी.वी. कुलकर्णी और उनकी सहयोगी मनीषा वाघमारे के खातों में रकम ट्रांसफर हुई थी। मामले में अब तक 11 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें सबसे ज्यादा 7 आरोपी महाराष्ट्र से हैं।
सीबीआई की कई टीमें अलग-अलग राज्यों में छापेमारी की तैयारी कर रही हैं। एजेंसी का मानना है कि आगे और गिरफ्तारियां होने पर यह घोटाला और बड़ा निकल सकता है।
गौरतलब है कि NEET-UG परीक्षा 3 मई को आयोजित हुई थी, जिसमें करीब 23 लाख छात्र शामिल हुए थे। गड़बड़ी की शिकायतों के बाद 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी गई थी।



