उपचुनाव का बिगुल बजा: 4 राज्यों की 7 सीटों पर 6 अक्टूबर को मतदान, 9 अक्टूबर को आएगा रिजल्ट

दिल्ली। चुनाव आयोग ने चार राज्यों में खाली हुई विधानसभा और लोकसभा सीटों पर उपचुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल की विधानसभा सीटों के साथ असम की एक लोकसभा सीट पर 6 अक्टूबर को मतदान होगा। वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को की जाएगी। चुनाव प्रक्रिया 11 अक्टूबर से पहले पूरी कर ली जाएगी।
आयोग के मुताबिक उपचुनाव की औपचारिक अधिसूचना 9 सितंबर को जारी होगी। उम्मीदवार 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। नामांकन पत्रों की जांच और नाम वापसी की प्रक्रिया के बाद 6 अक्टूबर को मतदान कराया जाएगा। संबंधित जिलों में चुनाव आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है।
तमिलनाडु की 2 विधानसभा सीटें खाली
तमिलनाडु की मदुरांतकम और धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होगा। ये दोनों सीटें मरागथम कुमारवेल और पी. सत्यबामा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थीं। दोनों सीटों की अंतिम मतदाता सूची 23 फरवरी को जारी की गई थी।
पुडुचेरी और बंगाल में भी मुकाबला
पुडुचेरी की थट्टानचावड़ी विधानसभा सीट एन. रंगासामी के इस्तीफे के बाद खाली हुई है। वहीं पश्चिम बंगाल की रेजीनगर और नंदीग्राम विधानसभा सीटों पर भी उपचुनाव होगा। रेजीनगर सीट हुमायूं कबीर और नंदीग्राम सीट सुवेंदु अधिकारी के इस्तीफे के बाद रिक्त हुई थी।
असम की नागांव लोकसभा सीट पर चुनाव
असम की नागांव लोकसभा सीट प्रद्युत बोरदोलोई के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। यहां भी 6 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 9 अक्टूबर को नतीजे घोषित किए जाएंगे।
शिलॉन्ग-बशीरहाट की तारीख नहीं
चुनाव आयोग ने फिलहाल शिलॉन्ग और बशीरहाट लोकसभा सीटों के लिए तारीख घोषित नहीं की है। दोनों सीटें सांसदों के निधन के बाद रिक्त हुई थीं।
मतदान में EVM और VVPAT का इस्तेमाल होगा। EPIC कार्ड के अलावा आधार, पैन, ड्राइविंग लाइसेंस और पासपोर्ट समेत आयोग द्वारा मान्य अन्य दस्तावेजों से भी मतदाता अपनी पहचान साबित कर सकेंगे।





