ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

उरकुरा यार्ड रीमॉडलिंग से 10 ट्रेनें रद्द, रायपुर-बिलासपुर रूट प्रभावित

रायपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) के उरकुरा स्टेशन पर यार्ड रीमॉडलिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग का काम किया जाएगा। यह काम 13 और 14 सितंबर 2026 को चलेगा। निर्माण कार्य के चलते रायपुर-बिलासपुर रूट पर ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने इस दौरान 10 ट्रेनों को रद्द करने का फैसला लिया है। वहीं, 2 ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा या वहीं से रवाना किया जाएगा।

इस बदलाव का असर रायपुर, बिलासपुर के साथ कोरबा, चांपा और रायगढ़ की ओर जाने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले अपनी ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें।

13 सितंबर को ये ट्रेनें रहेंगी रद्द

13 सितंबर को गाड़ी संख्या 68728 रायपुर-बिलासपुर मेमू, 68734 बिलासपुर-गेवरा रोड मेमू और 68733 गेवरा रोड-बिलासपुर मेमू रद्द रहेगी। इसी दिन गाड़ी संख्या 68719 बिलासपुर-रायपुर मेमू और 58203 कोरबा-रायपुर पैसेंजर का संचालन भी नहीं होगा।

इसके अलावा 68746 रायपुर-गेवरा रोड मेमू और 58205 रायपुर-नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी पैसेंजर भी 13 सितंबर को रद्द रहेंगी।

14 सितंबर को इन ट्रेनों पर असर

14 सितंबर को गाड़ी संख्या 58204 रायपुर-कोरबा पैसेंजर, 58206 नेताजी सुभाष चंद्र बोस इतवारी-रायपुर पैसेंजर और 68745 गेवरा रोड-रायपुर मेमू रद्द रहेगी।

दो ट्रेनें बिलासपुर से होंगी नियंत्रित

13 सितंबर को गाड़ी संख्या 68862 झारसुगुड़ा-गोंदिया मेमू बिलासपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी। बिलासपुर से गोंदिया के बीच यह ट्रेन रद्द रहेगी।

वहीं, गाड़ी संख्या 68861 गोंदिया-झारसुगुड़ा मेमू बिलासपुर स्टेशन से ही शुरू होगी। गोंदिया से बिलासपुर के बीच इसका परिचालन नहीं होगा। रेलवे के मुताबिक यार्ड का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य कर दिया जाएगा।

Related Articles

Back to top button