अमित शाह आज बस्तर दौरे पर, डायल-112 के 400 वाहनों को दिखाएंगे हरी झंडी

रायपुर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह तीन दिवसीय छत्तीसगढ़ दौरे पर हैं। रविवार रात रायपुर पहुंचने के बाद सोमवार को वे बस्तर दौरे पर जाएंगे। शाह जगदलपुर एयरपोर्ट से सीधे नेतानार गांव पहुंचेंगे, जहां वीर शहीद गुंडाधुर के गांव में जन सुविधा केंद्र का शुभारंभ करेंगे। नक्सलवाद खत्म होने के बाद यह उनका पहला बस्तर दौरा माना जा रहा है।
अमित शाह रायपुर में पुलिस ट्रेनिंग स्कूल में डायल-112 सेवा के लिए शामिल 400 नए वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के सभी 33 जिलों के लिए आधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक यूनिट्स भी शुरू की जाएंगी। सरकार का दावा है कि इससे अपराध जांच और आपातकालीन पुलिस सहायता व्यवस्था पहले से ज्यादा मजबूत होगी।
बस्तर पहुंचने के बाद शाह जगदलपुर स्थित अमर वाटिका में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद वे अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों, सुरक्षा व्यवस्था और जनकल्याण योजनाओं की समीक्षा बैठक करेंगे। शाम को वे ‘बस्तर के संग’ लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
दौरे के तीसरे दिन 19 मई को जगदलपुर में मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक आयोजित होगी। बैठक में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री शामिल होंगे। इसमें अंतरराज्यीय समन्वय, नक्सल प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति, सुरक्षा और विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि बस्तर अब नक्सलवाद से मुक्त हो रहा है और सुरक्षा कैंपों को सुविधा केंद्रों में बदला जाएगा। वहीं पीसीसी चीफ दीपक बैज ने इस बैठक पर सवाल उठाते हुए कहा कि इसे वर्चुअल माध्यम से भी किया जा सकता था। अमित शाह के इस दौरे को बस्तर में सुरक्षा और विकास के नए चरण की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है।





