StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

रुपए में रिकॉर्ड गिरावट, पहली बार 96.18 प्रति डॉलर पहुंचा; सेंसेक्स 1000 अंक टूटा

दिल्ली। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार को भारी गिरावट देखने को मिली। डॉलर के मुकाबले रुपया पहली बार 96.18 के स्तर तक पहुंच गया। रुपया आज 20 पैसे कमजोर होकर खुला। वहीं अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी जारी है। ब्रेंट क्रूड करीब 2% उछलकर 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया।

मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और कच्चे तेल की महंगाई का असर भारतीय बाजार पर साफ दिखाई दिया। कारोबार के दौरान सेंसेक्स करीब 1000 अंक टूटकर 74,200 के स्तर पर आ गया। वहीं निफ्टी में भी 300 अंकों से ज्यादा की गिरावट दर्ज हुई और यह 23,300 के करीब कारोबार करता दिखा।

विशेषज्ञों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली और वैश्विक अनिश्चितता बाजार पर दबाव बना रही है। पिछले 30 दिनों में विदेशी निवेशकों (FII/FPI) ने भारतीय बाजार से 55 हजार करोड़ रुपए से ज्यादा की निकासी की है। दूसरी ओर घरेलू निवेशकों की खरीदारी भी बाजार को संभाल नहीं पा रही।

एशियाई बाजारों में भी मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। जापान का निक्केई और हॉन्गकॉन्ग का हैंगसेंग गिरावट में रहे, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा। अमेरिकी बाजारों में भी शुक्रवार को कमजोरी रही थी।

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि निफ्टी के लिए 23,250 और 23,000 अहम सपोर्ट लेवल हैं। अगर बाजार इन स्तरों के नीचे जाता है तो बिकवाली और बढ़ सकती है। वहीं 24,000 के ऊपर निकलने पर बाजार में सुधार की उम्मीद बन सकती है।

कच्चे तेल में तेजी की बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ता तनाव माना जा रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर सख्त बयान दिया है, जिसके बाद निवेशकों की चिंता बढ़ गई है। जानकारों का मानना है कि तेल महंगा रहने से भारत में महंगाई और रुपए पर दबाव और बढ़ सकता है।

Related Articles

Back to top button