छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्त: 32 निकायों के लिए 200 से ज्यादा नामों की सूची जारी, रायपुर में सबसे ज्यादा 11 मनोनयन

रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने प्रदेश के विभिन्न नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति कर दी है।
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने रायपुर और सरगुजा संभाग के नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों के लिए आदेश जारी कर दिए हैं। लंबे समय से लंबित इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल तेज हो गई है।
जारी सूची के अनुसार प्रदेश के कुल 32 नगरीय निकायों में 200 से अधिक एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इनमें नगर निगम, नगर पालिका और नगर पंचायत स्तर के निकाय शामिल हैं। एल्डरमैनों को परिषद की बैठकों में भाग लेने और स्थानीय विकास से जुड़े विषयों पर सुझाव देने का अधिकार होगा।
रायपुर नगर निगम में सबसे ज्यादा 11 एल्डरमैन
राजधानी रायपुर नगर निगम में सबसे अधिक 11 एल्डरमैन नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा अन्य नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों और नगर पंचायतों में भी निर्धारित संख्या के अनुसार मनोनयन किए गए हैं।
सरकार ने सामाजिक, राजनीतिक और विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय लोगों को इस सूची में शामिल किया है।
लंबे समय से था इंतजार
नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्ति का काफी समय से इंतजार किया जा रहा था। हाल ही में उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव ने संकेत दिए थे कि नियुक्ति प्रक्रिया अंतिम चरण में है और जल्द आदेश जारी किए जाएंगे। इसके बाद विभाग ने आधिकारिक अधिसूचना जारी कर नियुक्तियों को मंजूरी दे दी।
स्थानीय विकास में निभाएंगे भूमिका
एल्डरमैन की नियुक्ति को नगरीय निकायों के संचालन और विकास कार्यों में महत्वपूर्ण माना जाता है। इनके अनुभव और सुझावों से स्थानीय प्रशासन को योजनाओं के क्रियान्वयन में मदद मिलेगी। सरकार का मानना है कि इससे शहरी क्षेत्रों के विकास कार्यों को गति मिलेगी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।
देखिए पूरी सूची-

















