छत्तीसगढ़ के प्राइवेट यूनिवर्सिटी में एडमिशन से पहले जांच लें ये 5 बातें, नहीं तो हो सकता है नुकसान

रायपुर। छत्तीसगढ़ में निजी विश्वविद्यालयों में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे छात्र-छात्राओं और उनके अभिभावकों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। प्रवेश प्रक्रिया के दौरान फर्जीवाड़े और भ्रामक दावों से बचाने के लिए छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग ने जरूरी गाइडलाइन जारी की है। आयोग ने छात्रों को सलाह दी है कि किसी भी कोर्स में एडमिशन लेने से पहले पांच अहम बिंदुओं की जांच जरूर करें।
1. विश्वविद्यालय की वैधता जांचें
सबसे पहले यह सुनिश्चित करें कि संबंधित निजी विश्वविद्यालय छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय (स्थापना एवं संचालन) अधिनियम-2005 के तहत राज्य सरकार द्वारा विधिवत अधिसूचित है या नहीं। बिना मान्यता वाले संस्थान में प्रवेश लेने से भविष्य में परेशानी हो सकती है।
2. राजपत्र में प्रकाशन जरूरी
आयोग के अनुसार किसी भी निजी विश्वविद्यालय के परिनियम और अध्यादेश का राज्य शासन के राजपत्र में प्रकाशित होना अनिवार्य है। राजपत्र में प्रकाशन के बाद ही विश्वविद्यालय छात्रों को प्रवेश देने का अधिकार रखता है।
3. कैंपस के बाहर नहीं दे सकते संबद्धता
छत्तीसगढ़ के निजी विश्वविद्यालय एकात्मक स्वरूप के हैं। इसका मतलब है कि वे अपने मुख्य परिसर के बाहर किसी अन्य कॉलेज या संस्थान को संबद्धता नहीं दे सकते। यदि कोई संस्थान किसी निजी विश्वविद्यालय से संबद्ध होने का दावा करता है, तो उसकी जांच अवश्य करें।
4. यूजीसी से मान्यता प्राप्त हो कोर्स
जिस पाठ्यक्रम या डिग्री में प्रवेश लिया जा रहा है, वह विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से अनुमोदित होनी चाहिए। साथ ही संबंधित कोर्स का उल्लेख विश्वविद्यालय के अधिसूचित अध्यादेश में भी होना चाहिए।
5. पीएचडी के नियमों की करें पुष्टि
पीएचडी में प्रवेश लेने वाले छात्र यह जांच लें कि विश्वविद्यालय में यूजीसी विनियम-2022 के अनुसार योग्य और नियमित शोध निर्देशक उपलब्ध हैं। बाहरी शोध निर्देशकों के माध्यम से शोध कार्य कराना नियमों के खिलाफ माना जाता है।
आयोग के सचिव अशोक अग्रवाल ने छात्रों और अभिभावकों से अपील की है कि किसी भी विज्ञापन या दावे पर भरोसा करने से पहले आधिकारिक जानकारी की पुष्टि करें, ताकि भविष्य सुरक्षित रह सके।





