ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

‘नशा दीमक की तरह जीवन को खोखला करता है’: मंत्री टंक राम वर्मा ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ, 100 सप्ताह चलेगा अभियान

रायपुर/बलौदाबाजार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल शुभारंभ के साथ देशभर में शुरू हुए ‘नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंक राम वर्मा ने युवाओं को नशामुक्त रहने और समाज को जागरूक करने की शपथ दिलाई।

उन्होंने कहा कि “नशा दीमक की तरह व्यक्ति के जीवन को खोखला कर देता है। यह केवल एक इंसान नहीं, बल्कि पूरे परिवार और उसके भविष्य को भी बर्बाद कर देता है।”

मंत्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की सबसे अहम भूमिका होगी।

उन्होंने कहा कि इतिहास गवाह है कि देश में बड़े परिवर्तन हमेशा युवाओं की शक्ति से संभव हुए हैं। इसलिए युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर अपनी ऊर्जा राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे केवल स्वयं नशे से दूर न रहें, बल्कि अपने परिवार, दोस्तों और समाज को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करें। उन्होंने कहा कि स्वस्थ और व्यसनमुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव रख सकते हैं।

कार्यक्रम में बताया गया कि यह जन-जागरूकता अभियान अगले 100 सप्ताह तक जिलेभर में चलाया जाएगा। इसके तहत खेल, कला, संस्कृति और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने नशामुक्ति पर आधारित एक प्रभावशाली नाटिका प्रस्तुत की, जिसे उपस्थित लोगों ने सराहा।

जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने भी युवाओं से नशे से दूर रहकर सकारात्मक सोच अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज का नुकसान करता है।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव, जिला पंचायत सदस्य ईशान वैष्णव, कलेक्टर कुलदीप शर्मा, खेल अधिकारी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और युवा उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button