वनाधिकार पट्टे की चाह में जंगल साफ करने का आरोप: कांकेर में 500 से ज्यादा पेड़ काटे; दुर्गम इलाके में मिले कटाई के निशान

ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर किया खुलासा, कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश; वन विभाग के अधिकारियों से नहीं हो सकी बात
कांकेर। जिले के कोरर वन क्षेत्र में वनाधिकार पट्टा हासिल करने के लिए बड़े पैमाने पर जंगल की कटाई किए जाने का मामला सामने आया है। खड़का-भुरका इलाके की कच्छ डोंगरी में सैकड़ों हरे-भरे और इमारती पेड़ काटे जाने के आरोप हैं। स्थानीय ग्रामीणों का दावा है कि यहां 500 से ज्यादा पेड़ों की कटाई की गई है।
करीब 2 किलोमीटर पैदल पहुंचना पड़ा
ग्रामीणों को जंगल में पेड़ों की कटाई की जानकारी अपने निरीक्षण के दौरान मिली। इसके बाद जब उन्होंने आसपास के क्षेत्र में पड़ताल की तो कई जगह कटे हुए पेड़ और जंगल साफ किए जाने के निशान मिले। इलाके तक पहुंचने के लिए करीब 2 किलोमीटर तक पहाड़ी और दुर्गम रास्ते से पैदल जाना पड़ा। रास्ते में बरसाती नाले भी मिले।
ग्रामीणों का कहना है कि वे जंगल और वन संपदा की सुरक्षा के लिए समय-समय पर इलाके का निरीक्षण करते हैं। इसी दौरान बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई सामने आई। उनका आरोप है कि वनाधिकार पट्टा मिलने की उम्मीद में जंगल के हिस्से को साफ किया गया है।
इतनी बड़ी कटाई पर निगरानी पर सवाल
अगर जांच में 500 से ज्यादा पेड़ों की कटाई की पुष्टि होती है तो वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल उठेंगे। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में पेड़ों की कटाई अचानक नहीं हो सकती। पेड़ों को काटने, हटाने और जमीन को साफ करने में काफी समय लगता है।
ऐसे में सवाल है कि वन विभाग की नियमित गश्त और मैदानी अमले की निगरानी इस दुर्गम इलाके तक क्यों नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने पूरे मामले की जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कलेक्टर ने जांच की बात कही
मामले को लेकर कांकेर वन मंडल के वन मंडलाधिकारी से संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी। वहीं कांकेर कलेक्टर कुंदन कुमार ने मामले को गंभीर बताते हुए जांच कराने की बात कही है। अब जांच के बाद ही साफ होगा कि कितने पेड़ों की कटाई हुई और इसके पीछे वास्तविक कारण क्या था।





