ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार पर जोर, CM साय ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह से की मुलाकात

नई दिल्ली। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के विस्तार, निवेश बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्य की समृद्ध वस्त्र एवं हस्तशिल्प परंपरा को उद्योग के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर केंद्रीय मंत्री का ध्यान आकर्षित किया।

मुख्यमंत्री साय ने छत्तीसगढ़ में उत्पादित कोसा वस्त्र, हथकरघा और पारंपरिक कपड़ों की विशेष पहचान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राज्य में इन उत्पादों के उत्पादन को बढ़ाने के साथ इनके लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराने की जरूरत है। इससे स्थानीय कारीगरों और बुनकरों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य मिल सकेगा और पारंपरिक कला को भी नई पहचान मिलेगी।

बैठक में टेक्सटाइल सेक्टर से छोटे और स्थानीय उद्योगों को जोड़ने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने निवेश को प्रोत्साहित करने, स्थानीय स्तर पर उत्पादन इकाइयां स्थापित करने और युवाओं को इस क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने की संभावनाओं पर बात रखी। इसके साथ ही कारीगरों के कौशल विकास और पारंपरिक वस्त्रों को बड़े बाजार तक पहुंचाने के लिए आवश्यक सहयोग पर भी विचार-विमर्श किया गया।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में टेक्सटाइल उद्योग के लिए उपलब्ध संभावनाओं और संसाधनों का उल्लेख करते हुए केंद्र सरकार से सहयोग की अपेक्षा जताई। उन्होंने कहा कि राज्य में टेक्सटाइल क्षेत्र के विस्तार से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने के साथ बड़ी संख्या में रोजगार के अवसर तैयार किए जा सकते हैं।

मुलाकात में केंद्र और राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय के जरिए टेक्सटाइल क्षेत्र में निवेश और उद्योगों के विस्तार को गति देने पर जोर दिया गया। साथ ही छत्तीसगढ़ की पारंपरिक वस्त्र विरासत को आधुनिक बाजार से जोड़कर नई संभावनाएं विकसित करने पर भी चर्चा हुई।

Related Articles

Back to top button