ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

रायगढ़ कलेक्ट्रेट में ACB की कार्रवाई: 50 हजार की रिश्वत लेते बाबू पकड़ा गया, चेक लेते रंगे हाथ ट्रैप

रायगढ़। रायगढ़ कलेक्ट्रेट कार्यालय की राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई की है। टीम ने 50 हजार रुपए की रिश्वत मांगने और लेते हुए बाबू राजुमाकर सिदार को ट्रैप किया है। बताया जा रहा है कि सर्पदंश से हुई मौत के बाद मिलने वाली मुआवजा राशि का भुगतान कलेक्ट्रेट कार्यालय में लंबित था।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित विजय सिदार ने मुआवजा राशि जारी कराने के लिए ACB में शिकायत की थी। आरोप है कि राहत एवं आपदा प्रबंधन शाखा में पदस्थ बाबू ने राशि जारी करने के एवज में 50 हजार रुपए की रिश्वत की मांग की थी। भुगतान होने तक गारंटी के तौर पर 50 हजार रुपए का चेक लेने की बात भी सामने आई है।

शिकायत के बाद ACB ने मामले की जांच की और ट्रैप कार्रवाई की योजना बनाई। इसके बाद टीम ने पीड़ित को चेक देने के लिए भेजा। जैसे ही बाबू ने विजय सिदार से 50 हजार रुपए का चेक लिया, ACB की टीम ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।

कार्रवाई के बाद ACB की टीम आरोपी बाबू से पूछताछ और आवश्यक दस्तावेजों की जांच में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

बताया जा रहा है कि आरोपी बाबू पहले भी विभाग में कथित भ्रष्टाचार को लेकर चर्चा में रहा है। उसके पास करोड़ों रुपए की कथित बेनामी संपत्ति होने की बात भी कही जा रही है। हालांकि, संपत्ति संबंधी इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है।

Related Articles

Back to top button