ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सरस्वती साइकिल योजना में हंगामा: गुणवत्ता पर सवाल उठाकर सड़क पर बैठे रवि भगत, पुलिस ने हिरासत में लिया

रायगढ़। जिले के लैलूंगा विधानसभा क्षेत्र के कुपाकानी गांव में सरस्वती साइकिल योजना के तहत आयोजित वितरण कार्यक्रम के दौरान जमकर हंगामा हो गया। कार्यक्रम में पहुंचे भाजयुमो के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवि भगत ने साइकिलों की गुणवत्ता और खरीद प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विरोध प्रदर्शन किया। देखते ही देखते मौके पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

जानकारी के मुताबिक, कुपाकानी स्कूल में छात्राओं को साइकिल वितरण का कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसी दौरान रवि भगत ने साइकिलों की गुणवत्ता को लेकर आपत्ति जताई। उनका आरोप है कि साइकिल पर ‘हीरो’ लिखा हुआ है, जबकि उस पर ‘कावेरी’ का स्टीकर लगा है। उन्होंने साइकिलों की खरीद से संबंधित बिल और रसीद दिखाने की मांग की, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि साइकिलों की वास्तविक कीमत कितनी है।

पुलिस से भी हुई धक्का-मुक्की जैसी स्थिति

विरोध के दौरान रवि भगत जमीन पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें वहां से उठाने का प्रयास किया तो उन्होंने सड़क पर लेटकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। वीडियो के आखिरी हिस्से में वे कार के नीचे चक्के के पास जाते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें हटाने का प्रयास किया।

बताया जा रहा है कि विरोध के बाद स्कूल के प्राचार्य ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने रवि भगत को हिरासत में लिया। हिरासत में लिए जाने का भी उन्होंने विरोध किया, जिसके बाद पुलिसकर्मी उन्हें पकड़कर वाहन तक ले गए और गाड़ी में बैठाया।

भ्रष्टाचार के आरोप लगाकर किया विरोध

रवि भगत का कहना है कि आदिवासी क्षेत्रों में सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में अनियमितताओं की शिकायतें सामने आती रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सवाल उठाना जरूरी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और वायरल वीडियो के आधार पर भी घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।

Related Articles

Back to top button