ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में निवेश की बड़ी सौगात: हैदराबाद इन्वेस्टर कनेक्ट में मिले 9,580 करोड़ के प्रस्ताव, 7,800 रोजगार की उम्मीद

हैदराबाद। छत्तीसगढ़ में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में राज्य सरकार को बड़ी सफलता मिली है। हैदराबाद में आयोजित ‘छत्तीसगढ़ इन्वेस्टर कनेक्ट’ कार्यक्रम में सात प्रमुख कंपनियों ने प्रदेश में 9,580 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव दिए हैं।

इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से करीब 7,800 से अधिक रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने निवेशकों को छत्तीसगढ़ में उद्योग स्थापित करने का आमंत्रण देते हुए कहा कि राज्य में निवेशकों के लिए रेड कारपेट बिछा हुआ है और प्रदेश विकसित भारत के ग्रोथ इंजन के रूप में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

कार्यक्रम में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन सहित दक्षिण भारत के कई उद्योगपति, निवेशक और कारोबारी प्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि नई औद्योगिक नीति लागू होने के बाद देश के विभिन्न शहरों और विदेशों में आयोजित इन्वेस्टर कनेक्ट कार्यक्रमों के माध्यम से छत्तीसगढ़ को 8 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ में उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल, आसान प्रक्रियाएं, सिंगल विंडो सिस्टम, बेहतर अधोसंरचना और उद्योग हितैषी नीतियां उपलब्ध हैं। उन्होंने कहा कि मध्य भारत में स्थित होने के कारण छत्तीसगढ़ लॉजिस्टिक हब बनने की क्षमता रखता है। राज्य सात राज्यों से घिरा है और यहां से 60 करोड़ से अधिक उपभोक्ता बाजारों तक पहुंच आसान है।

इन्वेस्टर कनेक्ट के दौरान सात कंपनियों को ‘इन्विटेशन टू इन्वेस्ट’ प्रदान किए गए। सबसे बड़ा प्रस्ताव HyperNext Data Center Limited की ओर से आया, जिसने 4,200 करोड़ रुपये के निवेश से भारत का पहला समर्पित डिजास्टर रिकवरी डेटा सेंटर कैंपस स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है। इससे करीब 250 रोजगार मिलने की संभावना है।

इसके अलावा फीग्रेड एंड कंपनी ने सीमेंट क्षेत्र में 2,912 करोड़ रुपये, निवाई लैब्स ने एआई, जीपीयू इंफ्रास्ट्रक्चर और सेमीकंडक्टर क्षेत्र में 1,000 करोड़ रुपये तथा एसजी मार्ट ने सौर ऊर्जा उपकरण निर्माण में 700 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है।

वस्त्र क्षेत्र में Page Industries और सरवाणा मिल्स सहित अन्य कंपनियों के साथ निवेश संभावनाओं पर चर्चा हुई। सरवाणा मिल्स ने 528 करोड़ रुपये के निवेश से टेक्सटाइल और परिधान निर्माण इकाई लगाने का प्रस्ताव रखा है, जिससे करीब 2,500 रोजगार मिलने की उम्मीद है।

फार्मास्यूटिकल क्षेत्र की काबरा ड्रग्स ने 200 करोड़ रुपये और डेयरी क्षेत्र की डिनशॉज डेयरी फूड्स ने 40 करोड़ रुपये निवेश का प्रस्ताव दिया है। इन परियोजनाओं से क्रमशः 250 और 150 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आईटी, डेटा सेंटर, सेमीकंडक्टर, फार्मा, इलेक्ट्रॉनिक्स, एयरोस्पेस और उन्नत विनिर्माण जैसे क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ नए अवसरों के लिए तैयार है। उन्होंने निवेशकों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार हर स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराएगी।

हैदराबाद दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने कई प्रमुख कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर राज्य में निवेश की संभावनाओं पर चर्चा की। साथ ही स्वामी नारायण गुरुकुल संगठन के प्रतिनिधियों से रायपुर के टाटीबंध में 650 बिस्तरों वाले चैरिटेबल अस्पताल की स्थापना के प्रस्ताव पर भी बातचीत हुई।

Related Articles

Back to top button