सूरजपुर को 232 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात, प्रेमनगर में डोम और इंडोर स्टेडियम बनेंगे

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बुधवार को सूरजपुर जिले को 232 करोड़ 49 लाख रुपए से अधिक के विकास कार्यों की सौगात दी।
उन्होंने रायपुर स्थित निवास कार्यालय से वर्चुअल माध्यम से प्रेमनगर में आयोजित कार्यक्रम में 24.29 करोड़ रुपए के 63 कार्यों का लोकार्पण और 208.20 करोड़ रुपए के 54 कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान प्रेमनगर नगर पंचायत के लिए 2.70 करोड़ रुपए के अतिरिक्त विकास कार्यों की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री ने प्रेमनगर में मंगल भवन के पास डोम निर्माण के लिए एक करोड़ रुपए, इंडोर स्टेडियम के लिए 50 लाख रुपए और वार्ड 10, 11 व 12 से विश्रामगृह तक करीब दो किलोमीटर बीटी सड़क बनाने के लिए 1.20 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि सरगुजा और बस्तर सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में विकास की नई संभावनाओं को साकार करना सरकार का संकल्प है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सिंचाई जैसी बुनियादी सुविधाओं का विस्तार कर योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक साथ 117 विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन जिले में विकास को गति देगा। इनसे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार होगा। प्रतिकूल मौसम के कारण कार्यक्रम स्थल पर नहीं पहुंच पाने पर उन्होंने क्षेत्रवासियों से खेद भी जताया।
जल संरक्षण में सूरजपुर देश में चौथे स्थान पर
मुख्यमंत्री ने जल संचय जनभागीदारी अभियान में सूरजपुर के प्रदेश में पहले और देश में चौथे स्थान पर रहने पर जिलेवासियों और प्रशासन को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बदलते वर्षा चक्र और गिरते भूजल स्तर को देखते हुए जल संरक्षण जरूरी है। वर्षा जल संचयन और पारंपरिक जल स्रोतों को बचाने में जनभागीदारी की अहम भूमिका है।
जिले में जल संरक्षण और संवर्धन के लिए 2,212 कार्य किए जाएंगे। इन पर करीब 130.56 करोड़ रुपए खर्च होंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि सूरजपुर में हुए प्रयास दूसरे जिलों के लिए भी प्रेरणादायक हैं।





