StateNewsदेश - विदेश

बैग में कपड़े की परत के अंदर छिपाया 20 लाख का सोना, दुबई से आए यात्री के पास मिला पेस्ट

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की कार्रवाई; पिघलाने पर 133.450 ग्राम 24 कैरेट सोना बरामद

अहमदाबाद। दुबई से आए एक यात्री ने सोने की तस्करी के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि कस्टम अधिकारियों को उसके ट्रॉली बैग की परतों की जांच करनी पड़ी।

गुजरात के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग की एयर इंटेलिजेंस यूनिट (AIU) ने यात्री के बैग में कपड़े के पैच के भीतर छिपाया गया सोने का पेस्ट बरामद किया। पिघलाने के बाद इससे 133.450 ग्राम 24 कैरेट सोना मिला, जिसकी कीमत 20.12 लाख रुपए से अधिक आंकी गई है।

कस्टम अधिकारियों के मुताबिक, यात्री की प्रोफाइलिंग के आधार पर उसे जांच के लिए रोका गया था। उसके कैबिन बैगेज की तलाशी के दौरान ट्रॉली बैग के अंदर एक संदिग्ध पैच दिखाई दिया। अधिकारियों ने जब इसकी जांच की तो कपड़े की परत के भीतर सोने का पेस्ट छिपा मिला। तस्करी के लिए सोने को सामान्य सामान के बीच इस तरह रखा गया था कि पहली नजर में उसका पता लगाना मुश्किल हो।

20.12 लाख रुपए का सोना जब्त

अधिकारियों ने पैच से सोने का पेस्ट निकालकर उसे पिघलाया। इस प्रक्रिया के बाद 133.450 ग्राम शुद्ध 24 कैरेट सोना बरामद हुआ। इसकी कीमत 20,12,426 रुपए आंकी गई। कस्टम विभाग ने कस्टम्स एक्ट, 1962 के प्रावधानों के तहत सोना जब्त कर लिया है।

फिलहाल मामले में आगे की जांच की जा रही है। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि यात्री सोना कहां से लाया था और इस मामले में तस्करी से जुड़ा कोई नेटवर्क सक्रिय है या नहीं।

Related Articles

Back to top button