रायपुर में 18 सितंबर से इंडस्ट्रियल फेयर: 3 दिन जुटेंगे देशभर के उद्योगपति-निवेशक; B2B मीटिंग और जॉब ड्राइव होंगे खास

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर 18 से 20 सितंबर तक देशभर के उद्योगपतियों, उद्यमियों, निवेशकों और युवाओं की मेजबानी करेगी। साइंस कॉलेज ओपन ग्राउंड में लघु उद्योग भारती की ओर से 14वें इंडिया इंडस्ट्रियल फेयर-2026 का आयोजन किया जा रहा है। तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेश के MSME, स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को राष्ट्रीय स्तर के खरीदारों, निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा।
फेयर में केवल उत्पादों की प्रदर्शनी ही नहीं होगी, बल्कि व्यापार, निवेश, रोजगार, तकनीक और नवाचार को एक मंच पर लाने की कोशिश की जाएगी। B2B मीटिंग, निवेशकों से संवाद, Job Placement Drive, विशेषज्ञों के सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजन के प्रमुख आकर्षण होंगे।
CM साय समेत कई बड़े नाम होंगे शामिल
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन समेत अन्य विशिष्ट अतिथियों की मौजूदगी रहेगी। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और RSS के वरिष्ठ पदाधिकारी कृष्ण गोपाल की उपस्थिति भी प्रस्तावित है।
स्थानीय उद्योगों को राष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर
फेयर के जरिए छत्तीसगढ़ के छोटे और मध्यम उद्यमों को देशभर के खरीदारों, वितरकों और निवेशकों से जोड़ने की कोशिश होगी। B2B मीटिंग में निर्माता, सप्लायर, डीलर और निवेशक सीधे कारोबारी चर्चा कर सकेंगे। इससे नए बाजार और व्यापारिक साझेदारी के रास्ते खुलने की उम्मीद है।
युवाओं के लिए जॉब प्लेसमेंट ड्राइव
आयोजन में Job Placement Drive भी होगा। इसमें विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों को कंपनियों के प्रतिनिधियों से सीधे संवाद और रोजगार के अवसर मिलेंगे। स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को भी अपने उत्पाद और बिजनेस आइडिया निवेशकों के सामने रखने का मौका मिलेगा।
तीन दिनों में विशेषज्ञ उद्यमिता, तकनीक, नवाचार और बाजार विस्तार जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे। वहीं रात्रिकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छत्तीसगढ़ की लोक कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। आयोजकों को उम्मीद है कि फेयर से प्रदेश में निवेश, व्यापार विस्तार और रोजगार के नए अवसरों को गति मिलेगी।





