अन्तर्राष्ट्रीयदेश - विदेश

सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर अस्पताल पहुंचे इमरान खान, जांच के बाद फिर अदियाला जेल भेजे गए

इस्लामाबाद। पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक इमरान खान को इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल से मेडिकल जांच के बाद वापस अदियाला जेल भेज दिया गया है। उनकी पार्टी के प्रवक्ता ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद गुरुवार देर रात उन्हें इलाज और स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल ले जाया गया था।

इमरान खान को कड़ी सुरक्षा के बीच रावलपिंडी की अदियाला जेल से शिफा इंटरनेशनल अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की छह सदस्यीय टीम ने उनकी स्वास्थ्य जांच की। जांच के बाद डॉक्टरों ने माना कि उन्हें अस्पताल में भर्ती रखने की तत्काल जरूरत नहीं है और वह जेल में सुरक्षित रह सकते हैं। इसके बाद उन्हें वापस अदियाला जेल भेज दिया गया।

अस्पताल के बाहर भारी सुरक्षा

इमरान खान को अस्पताल लाए जाने से पहले सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अस्पताल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे। इस्लामाबाद के इंस्पेक्टर जनरल ऑफ पुलिस सैयद अली नासिर रिजवी ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ अस्पताल का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा भी लिया था।

सुप्रीम कोर्ट ने इमरान खान के स्वास्थ्य और उन्हें उचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को लेकर उठी चिंताओं के बाद उन्हें अस्पताल ले जाने का निर्देश दिया था। अदालत ने विशेषज्ञ डॉक्टरों और उनके निजी चिकित्सक डॉ. फैसल सुल्तान को शामिल करते हुए मेडिकल बोर्ड गठित कर उनकी जांच कराने का भी आदेश दिया है।

विदेश में इलाज का भी विकल्प

पाकिस्तान के संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा है कि अगर देश में इमरान खान को पर्याप्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाती है, तो सरकार उनके इलाज के लिए उन्हें विदेश भेजने के विकल्प पर भी विचार कर सकती है।

इमरान खान के परिवार ने इससे पहले दावा किया था कि उनकी दाहिनी आंख की करीब 85 प्रतिशत दृष्टि प्रभावित हुई है। हालांकि, पाकिस्तानी अधिकारियों ने इस दावे को खारिज करते हुए उनकी दृष्टि में सुधार होने की बात कही थी। अप्रैल 2022 में सत्ता से हटने के बाद इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं और कई मामलों में उन्हें सजा सुनाई जा चुकी है।

Related Articles

Back to top button